सिद्धार्थनगर में दो मंजिला मकान में लगी भीषण आग
मकान में फंसे वृद्ध को पुलिस ने सकुशल निकाला
सिद्धार्थनगर जिले के नगर पालिका बांसी के सर्राफा बाजार स्थित एक दो मंजिला मकान में शनिवार सुबह अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। मकान से धुआं निकलता देख पड़ोसियों ने इसकी सूचना घर के लोगों को दी। घर में मौजूद आठ सदस्यों में से सात लोग तत्काल बाहर निकल आए, जबकि चलने-फिरने में असमर्थ एक वृद्ध मकान के अंदर ही फंस गए।

आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। स्थानीय लोगों की सूचना पर फायर ब्रिगेड और बांसी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। गली संकरी होने के कारण शुरुआत में राहत और बचाव कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से साहस दिखाते हुए मकान में प्रवेश किया और अंदर फंसे वृद्ध व्यक्ति को सकुशल बाहर निकाल लिया।
आग के बढ़ते दायरे को देखते हुए पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास के मकानों को भी खाली करा दिया। काफी प्रयास के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। घटनास्थल की गली काफी संकरी होने के कारण शुरुआत में आग बुझाने में परेशानी हुई, लेकिन स्थानीय लोगों के सहयोग से पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया और मकान में फंसे वृद्ध व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
उन्होंने बताया कि पुलिस की तत्परता और स्थानीय लोगों के सहयोग से घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।






