

*दोस्त संग मिलकर दिया घटना को अंजाम।
हरिद्वार। प्रेम प्रसंग के शक में दोस्त के साथ मिलकर अपनी ही बेटी की हत्या करने वाले आरोपी पिता व उसके दोस्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।
बीती 21 अगस्त को कोतवाली मंगलौर क्षेत्र निवासी एक महिला ने अपने पति व उसके दोस्त के खिलाफ अपनी 13 वर्षीय बेटी को घर से गायब कर देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया। मामला नाबालिक लड़की की गुमशुदगी से जुड़ा होने के चलते घटना की गंभीरता को देख पुलिस ने महिला की तहरीर पर पूछताछ के लिए उसके पति धनेश्वर उर्फ तोता व उसके दोस्त आशीष उर्फ धोल्ला को हिरासत में ले लिया।
सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी धनेश्वर ने खुलासा किया कि उसको शक था कि उसकी लड़की फोन पर किसी से बातें करती है काफी समझाने पर भी नहीं मानी तो उसे दोस्त के साथ मोटरसाईकिल पर बैठाकर माता मंदिर के पास पुल पर कमीज से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को नहर में फेंक कर भाग गए। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा भी बरामद किया है। वहीं पुलिस अब आरोपी की निशानदेही पर गंगनहर से लड़की का शव बरामद करने के प्रयास में जुटी है।
आरोपियों धनेश्वर उर्फ तोता पुत्र मांगेराम व व आशीष उर्फ धोल्ला पुत्र सुनील निवासी ग्राम ब्रहमपुर जट्ट मंगलौर के खिलाफ पुलिस ने सम्बन्धित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।



