A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरेताज़ा खबर

बाघ ने खेत पर काम कर रहे ग्रामीण पर किया हमला,अन्य ग्रामीणों ने शोर शराबा कर बचाई जान।

पीलीभीत। एक ग्रामीण पर खेत पर काम करने के दौरान बाघ ने हमला कर दिया। पास के खेतों पर काम कर रहे अन्य ग्रामीणों ने शोर शराबा कर उसे बचाया।आनन-फानन में घायल को प्राथमिक इलाज के बाद सीएचसी से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। हमले के चलते ग्रामीणों में दहशत रही।

थाना सेहरामऊ क्षेत्र के गांव नवदिया मुजप्ता के रहने वाले मुनीश पुत्र कुंदनलाल खेती करते हैं। रविवार दोपहर बाद वह दुर्जनपुर गांव के पास पशुओं के लिए घास काटने गए थे। उनके साथ गांव के ही कुछ अन्य लोग भी घास काट रहे थे। इसके अलावा अन्य ग्रामीण खेतों में धान की निराई कर रहे थे। इस बीच जंगल से निकल कर आए बाघ ने मुनीश पर हमला कर दिया। गर्दन और चेहरे पर घाव कर दिए। चीखने चिल्लाने पर आस पास के खेतों मे काम कर रहे शिवसरन, रामलाल सहित अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। शोर शराबा करने पर बाघ वापस जंगल की तरफ भाग गया। परिवार वाले भी हमले की जानकारी पर आ गए। आनन-फानन में घायल को सीएचसी लाया गया। वहां से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।  हरीपुर रेंज के रेंजर बीएस रावत ने बताया कि एक ग्रामीण पर वन्य जीव के हमले की जानकारी लगी है। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। जांच के लिए टीम को मौके पर भेजी गई है। जांच के बाद ही किस वन्यजीव का हमला है, इसकी पुष्टि की जा सकेगी।

Back to top button
error: Content is protected !!