
**महाशिवरात्रि पर ग्राम कैलाशपुर मे श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़**

तिलक राम पटेल संपादक महासमुन्द वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज चैनल समृद्ध भारत अखबार
पिथौरा। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर पिथौरा ब्लॉक के ग्राम कैलाशपुर में भक्ति, आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। गांव के प्राचीन शिव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जहां ग्रामीणों ने भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना कर जलाभिषेक किया।
इस अवसर पर पूजा-अर्चना का संचालन पंडित आचार्य श्री राजेन्द्र नंदे द्वारा विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया गया। उनके मंत्रोच्चार से मंदिर परिसर पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में डूब गया।
महिलाओं, पुरुषों एवं युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा एवं फल-फूल अर्पित कर भगवान शिव से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। “हर-हर महादेव” एवं “बोल बम” के जयघोष से पूरा ग्राम शिवमय हो उठा।
मंदिर परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया था तथा स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा गया। बोल बम कांवरिया दल के सदस्यों ने सामूहिक रूप से साफ-सफाई कर आयोजन को सफल और व्यवस्थित बनाया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से टिकेलाल भोई, जगन्नाथ यादव, रामकुमार पटेल, हेमन्त साहु, विजय सागर, रमेश बरिहा, उत्तर भोई, अनिल बाग, राधेश्याम पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



