
‘ तीन हत्यारों को कोर्ट ने सुनाई आजीवन कारावास की सजा
अलीगढ़ के कस्बा गभाना से एक व्यक्ति को अपने साथ लेजा कर हत्या करने के मामले में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश विनय तिवारी की अदालत ने फैसला सुनाया है । तीन दोषियो को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है । साथ ही 10-10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है । एडीजीसी जयप्रकाश सिंह ने बताया कि घटना 17 जनवरी 2017 की है । वादी मुकटपाल निवासी गांव सिरयाल बुलन्दशहर ने 18 जनवरी को मुकदमा दर्ज कराया कि उसके भाई जगपाल कस्बा गभाना में रहते थे । घटना की शाम उसका भाई कस्बा में था । तभी रामू और सचिन निवासी गांव भांकरी और कमल शर्मा उर्फ भूरा निवासी गांव रामपुर थाना गभाना अपनी कार में बैठकर गए । भाई की हत्या कर शव बरौली मोड़ के पास फेंक दिया और 22 हजार रुपये लूट लिए । राहगीर जगपाल को इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर आये । जहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया । पुलिस ने मामले में जांच के बाद अदालत में चार्जशीट पेश की । अदालत ने सोमवार को साक्ष्य व गवाहों के आधार पर उक्त तीनों दोषियो को सजा सुनाई ।






