
कौशिक नाग-कोलकाता कोलकाता पुलिस के नये सीपी बने मनोज वर्मा, जानें विनीत गोयल को मिला कौन सा पद पश्चिम बंगाल में जूनियर डॉक्टरों के आंदोलन के कारण मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पहले ही कोलकाता पुलिस कमिश्नर को हटाने के फैसले की घोषणा कर दी थी. नबान्न की ओर से घोषण की गई है कि विनीत की जगह मनोज वर्मा को कोलकाता का नया पुलिस कमिश्नर बनाया जा रहा है. मनोज वर्मा 1998 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं.मनोज राज्य पुलिस के एडीजी (कानून व्यवस्था) के पद पर तैनात थे. इससे पहले, मनोज के पास कोलकाता पुलिस के अतिरिक्त आयुक्त का कार्यभार था. विनीत गोयल को एडीजी और पुलिस महानिरीक्षक (एसटीएफ) के पद पर तैनात किया गया है. मनोज वर्मा का जन्म 1968 में हुआ था. इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले मनोज 2019 तक दार्जिलिंग के आईजी थे. उसके बाद बैरकपुर औद्योगिक क्षेत्र का प्रभार संभाला. उन्हें भाटपाड़ा और कांकीनाड़ा में दंगों के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उन पर कई जिम्मेदारियां सौंपी थी. एक समय में मनोज पश्चिमी मेदिनीपुर के पुलिस अधीक्षक थे. राज्य में जब वाममोर्चा की सरकार थी. उस दौरान पूरे जंगलमहल में माओवादी गतिविधि चरम पर थी. मनोज ने उस गतिविधि को रोकने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए. डीआइजी पद पर पदोन्नत होने के बाद मनोज सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट चले गये. उसके बाद दार्जिलिंग के आईजी बने. मनोज ने पहाड़ में गोरखा जनमुक्ति मोर्चा के आंदोलन को कुशलता से संभाला.





