
फोन पर पत्रकार को दी जान से मारने की धमकी? शिक्षक पर FIR; कार्रवाई की मांग को लेकर बीआरसी को सौंपा ज्ञापन
आष्टा (सीहोर)। सिद्धिगंज संकुल से जुड़ा एक मामला इन दिनों सुर्खियों में है। आरोप है कि नरपाखेड़ी शाला में पदस्थ शिक्षक नारायण सिंह वर्मा ने खबर प्रकाशित होने से नाराज होकर पत्रकार माखन चौहान (एमबी न्यूज़ भारत) को फोन पर अभद्र भाषा में बात करते हुए जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद पत्रकार ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
ऑडियो रिकॉर्डिंग सामने आने का दावा
सूत्रों के अनुसार, हाल ही में प्रकाशित समाचार के बाद शिक्षक ने कथित तौर पर पत्रकार को फोन किया। बातचीत के दौरान आपत्तिजनक भाषा और धमकी दिए जाने का आरोप है। इस पूरे संवाद की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सामने आने का दावा किया जा रहा है, जिसमें शिक्षा विभाग के अधिकारियों के प्रति भी अमर्यादित टिप्पणियां सुनाई देने की बात कही जा रही है।
पत्रकारों में रोष, बीआरसी को सौंपा ज्ञापन
घटना के विरोध में आष्टा के पत्रकार एकजुट हुए और बीआरसी अजब सिंह राजपूत को ज्ञापन सौंपकर संबंधित शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पत्रकारों का कहना है कि यदि आरोप सिद्ध होते हैं तो यह न केवल पत्रकारिता बल्कि शिक्षा व्यवस्था की गरिमा पर भी प्रश्नचिह्न है।
नोटिस जारी, लेकिन संतोष नहीं
बीआरसी अजब सिंह राजपूत ने बताया कि समाचार प्रकाशन के बाद संबंधित शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। हालांकि उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि जारी नोटिस के जवाब से स्वयं और विभागीय अधिकारी संतुष्ट नहीं हैं। इस बयान ने विभागीय कार्रवाई की गंभीरता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
23 फरवरी को दर्ज हुई FIR
पत्रकार माखन चौहान ने 23 फरवरी को सिद्धिगंज थाने में शिक्षक के विरुद्ध एफआईआर दर्ज
कराएं
है फिलहाल मामला पुलिस जांच और शिक्षा विभाग की आंतरिक जांच प्रक्रिया के अधीन है।
लोकतंत्र के चौथे स्तंभ माने जाने वाले पत्रकारों के साथ इस प्रकार की कथित धमकी और अभद्र व्यवहार की घटना ने पत्रकार जगत में आक्रोश पैदा कर दिया है। अब नजर पुलिस जांच और विभागीय कार्रवाई पर है—क्या आरोपों की पुष्टि होगी और दोषी पाए जाने पर क्या कड़ी कार्रवाई की जाएगी?



