
कुशीनगर । अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शैलेन्द्र मणि त्रिपाठी द्वारा आज यूटीआरसी कैम्पेन तृतीय फेज हेतु जिला कारागार देवरिया का निरीक्षण किया गया । निरीक्षण के दौरान कारागार के बैरकों, पाठशाला, चिकित्सालय व महिला बैरक का निरीक्षण कर बन्दियों के भाेजन, साफ-सफाई, चिकित्सा, सुरक्षा तथा उनको दी जाने वाली विधिक सहायता के बारे में
जानकारी ली एवं जेल अधीक्षक को निर्देशित किया गया कि जेल मेन्यू के अनुसार भोजन, नाश्ता आदि दिया जाय। निरीक्षण के दौरान ऐसे बन्दी जिनकी जमानत न्यायालय से हो चुकी है परन्तु जमानतदार के अभाव में कारागार में निरूद्घ है तथा ऐसे विचाराधीन बन्दी जिनके विरूद्घ अधिकतम 7 वर्ष के दण्डादेश संबंधित अपराधिक विचारण लम्बित है और वे कारागार में निरूद्घ है, से संबंधित
मामलों को चिन्हांकन कर आवश्यक कार्यवाही करने हेतु सम्बन्धित को विशेष दिशा-निर्देश दिया। यूटीआरसी कैम्पेन तृतीय फेज को सफल बनाने हेतु उन्होंने जिला कारागार में निरूद्घ बंदियों की समस्याओं को सुना, जिसमें निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराने तथा जेल में निरूद्घ बन्दियों की समस्याओं की सुनवाई सुनिश्चित करते हुए जेल के बन्दियों को विधिक सहायता, स्वच्छता पर जोर देते हुए कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण समस्त बन्दियों को विधिक सहायता प्रदान करने हेतु सदैव तत्पर है।
इस दौरान जिला कारागार अधीक्षक प्रेम सागर शुक्ला, कारापाल राजकुमार, उपकारापाल आदित्य, मोतीलाल वर्मा, चीफ लीगल एड डिफेन्स काउन्सिल नरेन्द्र कुमार मिश्र, असिस्टेन्ट लीगल एड डिफेन्स काउन्सिल कमर जहाँ आदि उपस्थित रहे।




