
ईरान की आदियान यूनिवर्सिटी के प्रतिनिधि मंडल ने देवबंद के दारुल उलूम का किया दौरा, उलेमाओं के साथ विचार-विमर्श
देवबंद। विश्व प्रसिद्ध इस्लामी शिक्षण संस्थान दारुल उलूम देवबंद का ईरान की प्रतिष्ठित आदियान यूनिवर्सिटी के उलेमाओं के प्रतिनिधि मंडल ने दौरा किया। इस दौरान प्रतिनिधि मंडल ने दारुल उलूम के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों का भ्रमण किया और यहां की शिक्षा पद्धति के बारे में गहन चर्चा की।
प्रतिनिधि मंडल ने दारुल उलूम के मोहतमिम मौलाना मुफ़्ती अबुल कासिम नोमानी और जमीयत उलेमा-ए-हिंद के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी से मुलाकात की। उन्होंने यहां की प्रसिद्ध मस्जिद रशीद, शैखुल हिंद लाइब्रेरी, कुतुबखाना, नवदरा और मेहमानखाना सहित अन्य स्थानों का दौरा किया।
ईरानी उलेमाओं की प्रतिक्रिया:
दारुल उलूम की ऐतिहासिक इमारतों और शिक्षा संस्थान की भव्यता देखकर ईरान आदियान यूनिवर्सिटी के उप कुलपति अबुल हसन नवाब ने कहा, “दारुल उलूम एक लंबे समय से इस्लाम की सेवा में लगा हुआ है और इस संस्थान ने पूर्वजों के संदेश को दुनिया भर में फैलाने का कार्य किया है।” उन्होंने यहां के पूर्वजों की मेहनत और मोहब्बत की सराहना की।
ईरान कल्चरल सोसायटी के डॉक्टर फरीदुद्दीन असर और सैयद सादिक हुसैनी के नेतृत्व में आए इस प्रतिनिधि मंडल ने दारुल उलूम के परंपरागत स्वागत की भी प्रशंसा की और कहा कि यह दौरा बेहद संतोषजनक रहा। साथ ही, मौलाना अरशद मदनी को ईरान आने का विशेष निमंत्रण भी दिया।
रिपोर्ट: एलिक सिंह, एडिटर, वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज़
संपर्क: 8217554083







