
‘ एक फरवरी से होगा अलीगढ़ नुमाइश आयोजन
जमुनी तहजीब की प्रतीक अलीगढ़ की राजकीय औद्योगिक एवं कृषि प्रदर्शनी ( नुमाइश ) का शुभारंभ एक फरवरी को होगा यह आयोजन 28 फरवरी तक होगा । अब इसकी तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है । अलीगढ़ की नुमाइश पश्चिमी यूपी में खासी मशहूर है । यहां पर कई मंडलों के दुकानदार आते हैं । हजारों की भीड़ जुटती है । नुमाइश कार्यकारिणी की होने वाली बैठक में नुमाइश के आयोजन , शुभारंभ के साथ होने वाले कार्यक्रमों पर डीएम की अध्यक्षता वाली कमेटी अंतिम मुहर लगाएगी । जिले में नुमाइश में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम सबसे खास होते हैं । कृष्णांजलि मंच के अलावा कोहिनूर मंच पर होने वाले कार्यक्रमों लेकर लोगों की विशेष रुचि होती है । ऐसे में प्रशासन इस बार मंच के कार्यक्रमों पर विशेष जोर दे रहा है । प्रयास किए जा रहे हैं उन्हीं कलाकारों का चयन किया जाए , जो पहले जिले में न आए हों । सोमवार को इन पर अंतिम मुहर लग जाएगी । एडीएम सिटी अमित कुमार भट्ट ने बताया कि नुमाइश के आयोजन की संभावित तारीख तय कर ली गई है । तैयारियां शुरू की जा रही हैं । सोमवार को नुमाइश कार्यकारिणी बैठक में सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर अंतिम मुहर लगा दी जाएगी ।




