A2Z सभी खबर सभी जिले कीछत्तीसगढ़

सांसद श्री मति कमलेश जांगड़े की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी की बैठक सम्पन्न

 

 

*दिशा समिति का उद्देश्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी जनता के हित मे मिलकर करे कार्य – सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े*

 

*सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े की अध्यक्षता मे जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा समिति) की बैठक सम्पन्न*

 

*जिले के सभी पेट्रोल पंप मे निःशुल्क हवा भरने और साफ सुथरा शौचालय की व्यवस्था कराए जाने के लिए निर्देश जारी*

 

सक्ती 24 फरवरी 2026 // लोकसभा क्षेत्र जांजगीर-चांपा सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े की अध्यक्षता में आज जिला कलेक्टोरेट स्थित सभाकक्ष में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति ( दिशा समिति ) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के अद्यतन स्थिति और प्रगति की गहन समीक्षा की। बैठक में उन्होंने कहा कि दिशा समिति की बैठक का उद्देश्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मिलकर जनता के हित मे कार्य करना है। बैठक में सांसद द्वारा जिले में संचालित सभी पेट्रोल पंप मे निःशुल्क हवा भरने और साफ सुथरा शौचालय के व्यवस्था की कमी को दूर कराने के निर्देश दिए। जिस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को तत्काल जिले के सभी पेट्रोल पंप संचालको को नोटिस जारी कर निःशुल्क हवा भरने और साफ सुथरा शौचालय के व्यवस्था सुनिश्चित कराए जाने के निर्देश दिए। सांसद ने कहा की जिले के जरूरतमंद, गरीब और कमजोर लोगों को शासन की विभिन्न योजनाओं का प्राथमिकता से लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने शासन की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं का जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन करने वाले सभी अधिकारियों को शासन की योजनाओं और कार्यक्रमों का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सांसद श्रीमती जांगड़े ने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक शासन की योजनाओ का ज्यादा से ज्यादा लाभ पहुंचाए। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि श्री संजय रामचंद्र, विधायक प्रतिनिधि सक्ती श्री गुलज़ार सिंह, विधायक प्रतिनिधि जैजैपुर श्री उमा शंकर चंद्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती द्रौपदी कीर्तन चंद्रा, जनपद पंचायत मालखरौदा अध्यक्ष श्री कवि वर्मा, जनपद पंचायत जैजैपुर अध्यक्ष पुष्पा परदेशी खूंटे, सांसद द्वारा सभी मनोनित सदस्य, कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो, पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल ठाकुर, जिला पंचायत सीईओ श्री वासु जैन, अपर कलेक्टर श्री बीरेंद्र लकड़ा, अपर कलेक्टर श्री के एस पैकरा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और समिति के सदस्यगण उपस्थित थे।

दिशा समिति की बैठक में सांसद श्रीमती जांगड़े ने सर्वप्रथम पिछले दिशा समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों के तहत किये गये कार्यवाही का पालन प्रतिवेदन की जानकारी विस्तारपूर्वक ली। बैठक मे सांसद द्वारा जल आवर्धन सक्ती अन्तर्गत सक्ती नगर मे पेयजल की सुविधा उपलब्धता की स्थिति की जानकारी ली तथा कार्य पूर्णता के बाद ही भुगतान कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के कार्यो की समीक्षा करते हुवे जिले के सभी ब्लॉक मे चिरायु योजना अन्तर्गत चलित वाहनों के माध्यम से सभी बच्चों का जांच सुव्यवस्थित रूप से कराए जाने कहा। सांसद द्वारा जिले मे डायलिसिस, शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन आदि कार्यो की जानकरी ली गई। सांसद ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियो कर्मचारियो को आगामी गर्मी के मौसम को ध्यान मे रखते हुवे पंप, पाइप आदि की किसी भी प्रकार की खराबी को जल्द सुधरवाकर व्यवस्थाये दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही अन्य प्रगतिरत कार्यो को गुणवत्तापुर्ण करने के निर्देश दिए। सांसद ने सभी विभागीय अधिकारियो को विभाग अन्तर्गत होने वाले विभिन्न जनहितकारी कार्यक्रमो में सभी क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियो को अनिवार्य आमंत्रित करने कहा।

दिशा समिति की बैठक में सांसद ने मनरेगा योजना अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 अंतर्गत जनपदवार प्राप्त लक्ष्य, सृजित किए गए मानव दिवस, कार्य पूर्णता की स्थिति, कार्य अपूर्णता की स्थिति, मज़दूरी भुगतान की स्थिति, ई-केवायसी की प्रगति आदि की विस्तार से जानकारी ली तथा आवश्यक निर्देश दिए। सांसद ने पंचायत विभाग के कार्यो की समीक्षा करते हुवे स्व सहायता समूहों द्वारा किये जा रहे आजीविका मूलक कार्यो की जानकारी ली तथा स्व सहायता समूहों को ऋण, अनुदान वितरण आदि को जनप्रतिनिधियो की उपस्थिति मे कार्यक्रम आयोजित कराए जाने कहा। उन्होंने कृषि विभाग के उप संचालक को किसान हितैषी योजनाओं का सुव्यवस्थित संचालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसान कॉल सेंटर के संपर्क नंबर 18001801551 का सभी ग्राम पंचायतों में जमीनी स्तर पर ज्यादा से ज्यादा प्रचार प्रसार कराने के निर्देश दिए। जिससे जिले के किसान खेती किसानी से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या होने और उक्त नंबर पर सम्पर्क कर आवश्यक सुझाव ले सके।

इसके साथ ही बैठक में सांसद श्रीमती जांगड़े द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना, मानव विकास का लक्ष्य एवं प्राप्त उपलब्धि, समयबद्ध मजदूरी भुगतान की प्रगति, आधार बेस्ड भुगतान प्रणाली की प्रगति, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, एनआरएलएम बैंक लिंकेज की प्रगति, आरएफ व सीआईएफ का राशि वितरण एवं लक्ष्य, विकासखंडवार स्व सहायता समूह की जानकारी, सांसद आदर्श ग्राम योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत नवीनीकरण कार्य एवं स्वीकृत सड़कों की जानकारी सहित ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम, श्यामा प्रसाद मुखर्जी रूर्बन मिशन, ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, सांसद आदर्श ग्राम योजना, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग अंतर्गत राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, परम्परागत कृषि विकास योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, ई-राष्ट्रीय कृषि बाजार, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, कृषि अवसंरचना निधि योजना, कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन एजेंसी योजना, कृषि क्लिनीक और कृषि व्यवसाय केन्द्र योजना, किसान कॉल सेंटर, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आवास और शहरी मामलों के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), स्वच्छ भारत मिशन (शहरी), जल संसाधन विभाग अंतर्गत कमांड क्षेत्र विकास और जल प्रबंधन कार्यक्रम, त्वरित सिंचाई लाभ कार्यक्रम, जल निकायों की मरम्मत नवीनीकरण एवं पुनरुद्धार, सतही लघु सिंचाई, पशुपालन एवं डेयरी विभाग अंतर्गत राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम, राष्ट्रीय कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम, राष्ट्रीय पशुधन मिशन, महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत एकीकृत बाल विकास योजना, बाल संरक्षण एवं सुरक्षा योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, मिशन सक्षम आंगनबाड़ी एवं पोषण 2.0, महिला सुरक्षा और संरक्षण वन स्टॉप सेंटर। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग अंतर्गत राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम, आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग अंतर्गत स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, शिक्षा विभाग अंतर्गत मध्यान्ह भोजन योजना, समग्र शिक्षा, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग अंतर्गत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम का क्रियान्वयन, मत्स्य विभाग अंतर्गत प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, श्रम एवं रोजगार विभाग अंतर्गत ई-श्रम पोर्टल आदि विभिन्न योजनाओं और कार्याे का विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई तथा आवश्यक निर्देश दिए गए।

Back to top button
error: Content is protected !!