
छिन्दवाड़ा:-मौसम में घुली ठण्डक को देखते हुए स्कूल लगने व छुट्टी देने के समय में परिवर्तन किए जाने की मांग को लेकर आज शहर कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन प्रस्तुत किया। शहर कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल ने अतिरिक्त को प्रस्तुत ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया कि प्रात: में लगने वाले स्कूलों का समय बढ़ाया जाए साथ ही देर शाम की बजाए जल्द छुट्टी दी जाए, क्योंकि ठण्ड के दिनों में सूरज जल्द ढल जाता है और ठण्ड बढ़ जाती है।

तापमान में निरंतर आ रही गिरावट व सर्द हवाओं का असर मौसम में साफ दिखाई दे रहा है। बढ़ी हुई ठण्ड की वजह से ठिठुरन भी बढ़ गई। सर्द हवाओं व गिरे हुये तापमान के मद्देनजर प्रात: काल में लगने वाले शासकीय व निजी स्कूलों के समय में अविलम्ब परिवर्तन किया जाना नितांत आवश्यक है। सुबह की पाली में स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राएं व बच्चे ठण्ड की वजह से सर्दी, जुकाम व खांसी जैसी बीमारी की जद में आ रहे हैं।
शहर कांग्रेस प्रस्तुत ज्ञापन के माध्यम से यह मांग करती है कि मौसम में आए परिवर्तन को ध्यान में रखते हुए तत्काल सुबह की पाली में लगने वाले स्कूलों के समय में बदलाव किया जाए। प्रात: काल के स्थान पर दोपहर के समय में स्कूल लगाने के निर्देश जारी करें ताकि बच्चों के साथ ही अभिभावकों को भी परेशानियों से राहत मिल सके। बढ़ी हुई ठण्ड में शासकीय व निजी स्कूलों के शैक्षणिक स्टॉफ को भी विभिन्न तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समय में बदलाव होने से स्कूल का स्टॉफ भी ठिठुरन भरी ठण्ड से बचेगा।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष पप्पू यादव ने कहा कि जिले के कुछ निजी स्कूल संचालक नियमों व आदेशों का पालन नहीं करते। ऐसे स्कूलों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करते हुए नियमों का पालन कराया जाए ताकि ठण्ड से बच्चों को राहत मिल सके।
ज्ञापन प्रस्तुत करते समय शहर कांग्रेस अध्यक्ष पप्पू यादव, जाकिर परवेज, टिंकू राय, अर्जुन बघेल, पप्पू भायदे, संजय मेहरा, अमित श्रीवास्तव, अमित मालवीय, जितेन्द्र चौबे, नारू सोनी, संजू सोनी व सचिन दुबे सहित शहर कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।
————————————–
हर्रई ब्लॉक व नगर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में भरा जोश
–संगठन को मजबूत करने एकजुट हो रहे कार्यकर्ता
छिन्दवाड़ा:- कांग्रेस बूथ, ब्लॉक व नगर को मजबूत करते हुए जिला स्तर पर संगठन को और अधिक सशक्त करने की दिशा में लगातार बढ़ रही है। कांग्रेस के नवनियुक्त पदाधिकारीगण बैठकों के माध्यम से कार्यकर्ताओं व स्थानीय पदाधिकारियों में जोश भर रहे। कांग्रेस के कार्यकाल के दिनों को जनता के बीच पहुंचाने व वर्तमान सरकार की जनविरोधी नीतियों से जन-जन को अवगत कराने का क्रम भी जल्द ही प्रारंभ होगा।

मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ व जिले के पूर्व सांसद नकुलनाथ के निर्देशानुसार व जिला कांग्रेस अध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे के मार्गदर्शन में मैराथन बैठकों का दौर जारी है। क्षेत्रीय कांग्रेस कमेटियों में की जाने वाले नियुक्तियों पर संगठन के पदाधिकारियों की राय ली जा रही है। बूथ व क्षेत्रीय कमेटियों में सर्वसम्मति से नियुक्त करने पर मंथन जारी है। इसी क्रम में हर्रई ब्लॉक एवं नगर कांग्रेस की बैठक सम्पन्न हुई। आयोजित बैठक में माननीय कमलनाथ जी की 15 माह की सरकार में संचालित हुई जनहितैषी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही वर्तमान भाजपा सरकार की महंगाई, बेरोजगारी व भ्रष्टाचार से भी जनता को अवगत कराने पर सहमति बनी है। संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करते हुए नियुक्तियां करने पर मंथन किया गया।
आयोजित बैठक में अमरवाड़ा विधानसभा प्रभारी अजय मैद, पर्यवेक्षक बाजीराव कुमरे, ब्लॉक अध्यक्ष राजकुमार ठाकुर, रामजी उइके, रामनारायण परतेती, प्रेम साहू, ओमसी भलावी, ब्रजभान शाह कुमरे, बीरबल सरेआम, रामकुमार सरेआम, नारायण इनवाती, बैसाखू भलावी व सलीम खान सहित अन्य कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।







