
गलशहीद पुलिस चोरी के आरोपी की तलाश में उसके पिता और नाबालिग बहन को थाने ले आई। एसएसपी कार्यालय पहुंचने पर युवती बेहोश हो गई। उसे अस्पताल भेजा गया। बहन ने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया है।
। एसएसपी दफ्तर मुरादाबाद – फोटो । गलशहीद थाने की पुलिस ने चोरी के आरोपी के नहीं मिलने पर पुलिस उसके पिता और नाबालिग बहन को थाने ले आई। बाद में पुलिस ने बहन को छोड़ दिया। इसके बाद बहन शिकायत करने एसएसपी कार्यालय पहुंचे। जहां बेहोश होने पर एसएसपी ने उसे जिला अस्पताल भेज दिया। बहन ने पुलिस पर पिता और उसे पीटने का आरोप लगाया है।
गलशहीद थाना क्षेत्र के सराय पुख्ता निवासी शहजादे के घर में बृहस्पतिवार रात चोरी हो गई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस को मौके पर कैप और मफलर पड़ा मिला। इसके आधार पर शाहजादे ने एक युवक पर शक जताया। इसके बाद पुलिस युवक के घर पहुंच गई। युवक के नहीं मिलने पर पुलिस उसके पिता और नाबालिग बहन को थाने लेकर आई।
यहां से बहन को घर भेज दिया। बाद में युवक की बहन परिवार की अन्य महिलाओं के साथ एसएसपी दफ्तर पहुंच गई। जहां वह बेहोश हो गई। एसएसपी ने उसे जिला अस्पताल भिजवा दिया। बहन ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उसके और पिता के साथ मारपीट की है।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि चोरी की घटना के मामले में पूछताछ के लिए एक व्यक्ति को थाने लाया गया था। उसकी बेटी थाने में हंगामा करने लगी। उसे समझाकर घर भेज दिया गया था। पुलिस पर मारपीट के आरोप झूठे हैं। चोरी की घटना की जांच की जा रही है। इस मामले में एक युवक को हिरासत में लिया गया है।
बाइक सवार बदमाशों ने शिक्षक से मोबाइल छीना
मझोला के बुद्धि विहार में शुक्रवार रात करीब नौ बजे बाइक सवार तीन बदमाशों ने शिक्षक से मोबाइल छीन लिया। इसके बाद बदमाश भाग गए। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश की। शिक्षक ने रिपोर्ट दर्ज कराने को मझोला थाने में तहरीर दी है। बुद्धि विहार निवासी मुकुल ने बताया कि वह शिक्षक हैं।
उनकी तैनाती संभल में है। मुकुल ने मझोला थाने में दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार रात वह खाना खाने के बाद एमजीआर के पास सड़क पर फोन पर बात करते हुए टहल रहे थे। इसी दौरान उनके पास बाइक सवार तीन युवक आकर रुके। वह कुछ समझ पाते कि बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर मोबाइल छीन लिया। इसके बाद बदमाश भाग गए। मझोला थाना प्रभारी मोहित चौधरी ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है।











