
पत्रकार पर जानलेवा हमला: दबंगों ने की मारपीट, पुलिस की लापरवाही आई सामने
संतकबीरनगर। जिले के सेमरियावा ब्लॉक में एक पत्रकार पर दबंगों ने जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें उसका पैर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है, वहीं पुलिस की लापरवाही पर भी सवाल उठने लगे हैं।
पत्रकार ने अपने ऊपर हमले की 15 दिन पहले पुलिस को दी थी धमकी की जानकारी
स्थानीय अखबार साफ संदेश के पत्रकार जावेद अहमद ने 27 जनवरी 2025 को बाघ नगर चौकी पर प्रार्थना पत्र देकर कुछ दबंगों से अपनी जान को खतरा बताया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि कुछ लोग उन्हें मारने की धमकी दे रहे हैं और किसी भी समय उन पर हमला हो सकता है। लेकिन पुलिस ने उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया और कोई कार्रवाई नहीं की।
दबंगों ने किया जानलेवा हमला
शुक्रवार को जब पत्रकार जावेद अहमद बाघ नगर चौकी के पास सेहुड़ा आरा मशीन के पास एक चाय की दुकान पर बैठे थे, तभी उन्हीं दबंगों ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए पत्रकार पर लात-घूंसों और डंडों से हमला किया। इस हमले में जावेद अहमद के पैर में गंभीर चोट आई और वह मौके पर ही गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने उन्हें उठाकर सीएचसी सिमरिया में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल
इस हमले ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। 15 दिन पहले ही पत्रकार ने अपनी सुरक्षा को लेकर शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस ने इसे नजरअंदाज कर दिया। अगर समय रहते आरोपियों पर कार्रवाई होती, तो यह घटना टाली जा सकती थी।
अब होगी कार्रवाई?
इस घटना के बाद पुलिस प्रशासन पर दबाव बढ़ गया है। अब देखना होगा कि क्या पुलिस हमलावरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा। पत्रकारों पर बढ़ते हमले और प्रशासन की लापरवाही ने क्षेत्र के मीडिया कर्मियों में भी आक्रोश पैदा कर दिया है।