A2Z सभी खबर सभी जिले कीTechnologyअन्य खबरेउत्तर प्रदेश

सुंदरकांड पाठ और हवन के साथ अंबेडकरनगर महोत्सव का शुभारंभ

वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज अंबेडकर नगर

अंबेडकर नगर
जिला के 29वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में अंबेडकरनगर विकास एवं विरासत महोत्सव 2025 का शनिवार को जोरदार आगाज हुआ। सुबह सुंदरकांड पाठ व हवन का आयोजन हुआ। वहीं शाम को मंडलायुक्त गौरव दयाल ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महोत्सव का उद्घाटन किया।
साथ ही महोत्सव परिसर में लगाए गए विभिन्न स्टाॅलों का अवलोकन कर योजनाओं व उत्पादों के बारे में जानकारी ली।
शहर के राजकीय हवाई पट्टी परिसर में फूलों से सुसज्जित मंच पर सुबह संगीतमयी सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। डीएम अविनाश सिंह, उनकी पत्नी रूबी सिंह व एसपी केशव कुमार समेत तमाम अधिकारियों ने विधि-विधान से पूजन किया। आचार्य गिरीशानंद तिवारी व उनके शिष्यों ने हवन में आहुतियां डलवाईं और महोत्सव के सफल आयोजन की कामना की। इसी के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी शुरू हुए। शाम को मंडलायुक्त अयोध्या गौरव दयाल, डीएम अविनाश सिंह, एमएलसी डॉ. हरिओम पांडे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच फीता काटकर व दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारंभ किया। साथ ही शांति के प्रतीक कबूतर व गुब्बारे उड़ाए।
मंडलायुक्त ने कहा कि महोत्सव का आयोजन काफी सराहनीय पहल है। इससे कलाकारों को बेहतर मंच मिलेगा। समूह से जुड़ी महिलाओं की आय में इजाफा होगा। सभी लोग पूरे मनोयोग के साथ प्रतिभाग करें। एमएलसी ने कहा कि प्रदेश सरकार जिले के विकास के लिए तत्पर है। अयोध्या से जुड़े होने के चलते जिले को पर्यटन नगरी के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस मौके पर सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला, एडीएम डॉ. सदानंद गुप्ता, डीडीओ सुनील कुमार तिवारी, पीडी डीआरडीए अनिल सिंह, डीपीआरओ अवनीश श्रीवास्तव समेत तमाम लोग मौजूद रहेंगे।

स्टॉलों का किया अवलोकन
कार्यक्रम स्थल पर पुलिस, उद्यान, पशु चिकित्सा, कृषि, शिक्षा, उद्योग, श्रम विभाग, बैंक समेत कई विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए हैं। इसी के साथ ब्रह्मकुमारी राजयोग सेवा केंद्र, अमेठी के विकास यादव का हैंडीक्राफ्ट, पिज्जा क्लब, बंगाली स्वीट्स, सुपर आशू बेकर्स, शोभावती समेत अन्य तमाम स्टॉल लगाए गए हैं। अधिकारियों ने स्टॉलों का निरीक्षण कर उत्पादों के बारे में जानकारी ली। साथ ही विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक आगंतुकों को योजनाओं के बारे में जानकारी दें।

आयशा को दी स्कूटी की चाभी

पिछले दिनों शहर के राजकीय एकलव्य स्टेडियम में हुई कुश्ती प्रतियोगिता में 72 किग्रा वर्ग में जलालपुर के पक्खनपुर की आयशा विजेता बनी थीं। आयशा के पिता की कोरोना काल में मृत्यु हो गई थी। आयशा को महोत्सव में मंडलायुक्त गौरव दयाल, एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय, जिला पंचायत अध्यक्ष साधू वर्मा, डीएम अविनाश सिंह ने ई स्कूटी की चाभी दी।

अंबेडकरनगर महोत्सव में आज
सुबह नौ बजे- डॉग शो
दोपहर 12 से तीन बजे तक – स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम
शाम चार बजे- सूचना एवं संस्कृति विभाग के कार्यक्रमों की प्रस्तुति
शाम पांच बजे- कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर की ओर से शुभारंभ
शाम 7:00 बजे – प्रसिद्ध गायक ममता शर्मा की प्रस्तुति
रात 9.00 बजे- अखिल भारतीय कवि सम्मेलन

ANGAD YADAV AMBEDKAR NAGAR UP

🌺 🌺जिला - हेड / संपादक / 🗞️/अंबेडकर नगर / वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज अंबेडकर नगर 🎥 उत्तर प्रदेश 🌺🌺
Back to top button
error: Content is protected !!