
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के असंगठित क्षेत्र की छोटी पत्थर एवं अन्य खदानों में कार्यरत श्रमिकों के स्वास्थ्य कल्याण को ध्यान में रखते हुए, सिलिकोसिस और अन्य व्यावसायिक रोगों से प्रभावित कामगारों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर 18 मार्च से 20 मार्च तक सिविल सर्जन कार्यालय परिसर में संचालित किया जाएगा।
इस शिविर का आयोजन खान सुरक्षा निदेशक, खान सुरक्षा महानिदेशालय (चाईबासा क्षेत्र) एवं सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयास से किया जा रहा है। पहले दिन लगभग 50 से अधिक श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
शिविर के उद्घाटन अवसर पर खान सुरक्षा निदेशक (चाईबासा क्षेत्र), जिला खनन पदाधिकारी तथा सिविल सर्जन (सरायकेला) विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि सिलिकोसिस जैसी गंभीर व्यावसायिक बीमारियों की पहचान और रोकथाम के लिए ऐसे शिविर अत्यंत आवश्यक हैं।
शिविर के प्रमुख उद्देश्य:
✔ सिलिकोसिस एवं अन्य व्यावसायिक रोगों की जांच
✔ प्रभावित श्रमिकों के लिए उचित उपचार एवं परामर्श
✔ बीमारी की रोकथाम हेतु जागरूकता अभियान
जिला प्रशासन ने अपील की है कि पत्थर खदानों एवं अन्य खनन कार्यों में लगे श्रमिक अधिक से अधिक संख्या में इस स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का लाभ उठाएं ताकि उनके स्वास्थ्य की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।







