
कानून व्यवस्था पर सपा का वार, राष्ट्रपति को सौंपा ज्ञापन
फिरोजाबाद।
उत्तर प्रदेश में बढ़ते अपराध और बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर समाजवादी पार्टी ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इसी कड़ी में सपा नेताओं ने जिलाध्यक्ष शिवराज सिंह यादव के नेतृत्व में राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा है, जिसमें प्रदेश की स्थिति पर चिंता जताते हुए राष्ट्रपति शासन की मांग की गई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि उन्नाव, बुलंदशहर समेत कई जिलों में हत्या, लूट, बलात्कार और महिलाओं पर अत्याचार की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। खास तौर पर 27 अप्रैल को बुलंदशहर के अनूपशहर में सपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन पर हुए हमले का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया गया कि प्रशासन इस मामले में निष्क्रिय बना हुआ है।
सपा नेताओं ने भाजपा सरकार को कानून व्यवस्था बनाए रखने में विफल बताते हुए कहा कि प्रदेश में आम लोग असुरक्षा और भय के माहौल में जीने को मजबूर हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष की आवाज दबाने और सपा नेताओं को डराने की साजिश कर रही है।
ज्ञापन के माध्यम से समाजवादी पार्टी ने राष्ट्रपति से उत्तर प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने के दौरान पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।






