A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरे

IIIDEM में झारखंड के बीएलओ, वालेंटियर और BAG सदस्यों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला

press release 76589 15 05 2025

रांची। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री के. रवि कुमार ने जानकारी दी है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा देशभर के निर्वाचन पदाधिकारियों को प्रशिक्षित करने के लिए नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डेमोक्रेसी एंड इलेक्शन मैनेजमेंट (IIIDEM) में विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में झारखंड से 402 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल, जिसमें बीएलओ, वालेंटियर और बूथ अवेयरनेस ग्रुप (BAG) के सदस्य शामिल हैं, 19 और 20 मई को आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला में भाग लेगा।

श्री कुमार ने बताया कि प्रतिभागियों के आवागमन, आवास एवं भोजन की समुचित व्यवस्था की गई है। साथ ही, उनके साथ जा रहे लाइजनिंग ऑफिसर समन्वय की जिम्मेदारी निभाएंगे। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सभी प्रतिभागी अपने पहचान पत्र अवश्य साथ रखें।

गुरुवार को आयोजित एक ऑनलाइन बैठक में श्री कुमार ने कार्यशाला की रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि 19 मई को कार्यक्रम की शुरुआत योग सत्र से होगी, इसके बाद मुख्य चुनाव आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार के साथ संवाद, रोल-प्ले, राष्ट्रीय प्रशिक्षकों द्वारा सत्र और विभिन्न स्टेकहोल्डर्स द्वारा अनुभव साझा करने जैसे कार्यक्रम होंगे।

कार्यशाला के दूसरे दिन, 20 मई को, प्रतिभागियों को नई दिल्ली के प्रमुख संस्थानों के शैक्षणिक भ्रमण के लिए नौ बसों की व्यवस्था की गई है। कार्यशाला में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को IIIDEM द्वारा प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।

श्री रवि कुमार ने बताया कि मुख्य चुनाव आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार ने अपने झारखंड दौरे के दौरान बीएलओ और वालेंटियर्स के कार्यों की सराहना की थी। उनके निर्देशानुसार, झारखंड के निर्वाचन कार्यों से जुड़े स्टेकहोल्डर्स के अनुभवों को कार्यशाला में साझा किया जाएगा और इनका डॉक्यूमेंटेशन कर अन्य राज्यों के प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भी इसका उपयोग किया जाएगा।

इस अवसर पर पलामू के उपायुक्त श्री शशि रंजन, धनबाद की उपायुक्त श्रीमती माधवी मिश्रा, संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के ईआरओ, संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुबोध कुमार, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सह उप सचिव श्री देवदास दत्ता समेत राज्य के सभी जिलों से उप निर्वाचन पदाधिकारी और कार्यशाला में भाग लेने वाले प्रतिभागी उपस्थित थे।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!