
आज दिनांक 28.05.2025 को वरीय पुलिस अधीक्षक, गया ने खिजरसराय थाना का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नीमचक बथानी, अंचल निरीक्षक खिजरसराय, थानाध्यक्ष खिजरसराय एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी/कर्मी उपस्थित रहे। इस अवसर पर थाना परिसर में तैनात पुलिस कर्मियों ने वरीय पुलिस अधीक्षक को गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी दी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने में संधारित सभी संचिकाओं और अभिलेखों—जैसे निरीक्षण पंजी, गुंडा पंजी, वि.सी.एन.बी. रजिस्टर, वारंट पंजी आदि—की गहन समीक्षा की और उन्हें अद्यतन एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने पुलिस पर हमला, लूट, हत्या, चोरी जैसे गंभीर शीर्ष के लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन तथा वारंट, इश्तिहार और कुर्की के त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। इसके अतिरिक्त, सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से उन्होंने सभी सेक्टर पुलिस पदाधिकारियों को उनके दायित्वों की विस्तृत जानकारी दी और उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों (सेक्टर) का मैपिंग करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, थानाध्यक्ष को उनके कार्यों की नियमित समीक्षा कर निर्धारित समय पर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने थाना परिसर की स्वच्छता एवं रखरखाव को प्राथमिकता देते हुए थाना को प्राप्त आत्मनिर्भर मद से जरूरी सभी निर्माण एवं मरम्मत कार्य कराने के लिए निर्देशित किए।
तत्पश्चात वरीय पुलिस अधीक्षक ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नीमचक बथानी के कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान, उन्होंने कार्यालय में संचालित सभी कार्यप्रणालियों की समीक्षा की और आवश्यक सुधारों के लिए दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने प्रशासनिक कार्यों को और अधिक प्रभावी और त्वरित बनाने हेतु संबंधित पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को महत्वपूर्ण सुझाव प्रदान किए।
त्रिलोकी नाथ डिस्ट्रिक्ट डिवीज़न हेड गया
वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज़