A2Z सभी खबर सभी जिले की

भारतीय उद्योग व्यापार मंडल कोई संस्था नहीं, बल्कि राष्ट्र की उन्नति का विचार है” – रविकांत गर्ग

“भारतीय उद्योग व्यापार मंडल कोई संस्था नहीं, बल्कि राष्ट्र की उन्नति का विचार है” – रविकांत गर्ग

कानपुर में आयोजित सेठ भामाशाह सम्मान समारोह में प्रदेश महामंत्री रवीन्द्र त्रिपाठी हुए सम्मानित

कानपुर, 12 जुलाई 2025:

वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज

भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के तत्वावधान में कानपुर के सिटी क्लब में आयोजित भारतीय उद्योग व्यापार महासम्मेलन एवं सेठ भामाशाह सम्मान समारोह अत्यंत भव्य और गरिमामय रहा। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री श्री रवीन्द्र त्रिपाठी को उनके सतत व्यापारी हितैषी योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

समारोह की अध्यक्षता कर रहे भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री रविकांत गर्ग ने श्री त्रिपाठी को अंग वस्त्र एवं परमट घाट, कानपुर के भगवान भोले आनंदेश्वर महाराज की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया। प्रदेश अध्यक्ष श्री अरुण अग्रवाल भी इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित रहे।

श्री रविकांत गर्ग ने कहा,

 “भारतीय उद्योग व्यापार मंडल कोई साधारण संस्था नहीं, बल्कि राष्ट्र की समृद्धि और उत्तर प्रदेश को सुरक्षित व उन्नत बनाने का विचार है। हमारा उद्देश्य देश के 10 करोड़ छोटे-बड़े व्यापारियों, महिला उद्यमियों और स्वरोज़गार से जुड़े लोगों को एकजुट कर एक सशक्त आर्थिक शक्ति के रूप में संगठित करना है। हम न केवल व्यापारियों को जोड़ने का कार्य कर रहे हैं, बल्कि उनके समक्ष आने वाली चुनौतियों और असमानताओं को दूर करने के लिए ठोस कदम भी उठा रहे हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि सेठ भामाशाह की जयंती को व्यापारिक कल्याण दिवस के रूप में घोषित करना माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी का ऐतिहासिक निर्णय है, जिससे समस्त व्यापारी समाज का गौरव बढ़ा है। उन्होंने प्रदेश सरकार की व्यापारी कल्याण नीतियों एवं प्रशासन की सक्रिय भागीदारी की भी सराहना की।

सम्मान प्राप्त करते हुए प्रदेश महामंत्री श्री रवीन्द्र त्रिपाठी ने कहा:

“यह सम्मान केवल मेरा नहीं, बल्कि उन हजारों व्यापारियों और साथियों का है, जिनके सहयोग, सामूहिक प्रयास और साहस के बल पर हम निरंतर व्यापारियों के हक के लिए संघर्ष कर रहे हैं। हम सौभाग्यशाली हैं कि राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री रविकांत गर्ग के नेतृत्व में व्यापारी समाज की आवाज़ शासन और प्रशासन तक मजबूती से पहुंच रही है। माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा 29 जून को व्यापारिक कल्याण दिवस घोषित करना और 28 जून को उसका भव्य आयोजन करके प्रदेश भर के व्यापारियों को सम्मानित करना, हमारे आंदोलन की ऐतिहासिक जीत है।”

कार्यक्रम में कानपुर महानगर के दर्जनों प्रमुख व्यापारी संगठनों, समाजसेवियों और उद्यमियों ने भाग लिया और व्यापारी एकता, संगठन और सशक्त भागीदारी के नए संकल्पों के साथ सम्मेलन का समापन हुआ।

Back to top button
error: Content is protected !!