

डीडवाना-कुचामन जिले में साप्ताहिक समीक्षा बैठक का आयोजन मंगलवार को जिला कलक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुआ।
बैठक में जिला कलक्टर डॉ.खड़गावत ने जिले में विकास कार्यों और राज्य सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन सहित विद्युत,पेयजल,चिकित्सा, सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने सभी विभागों के अधिकारियों को जिले में चल रहे विकास कार्यों में गति लाने, जिले की प्रगति को बढ़ाने के लिए विभिन्न नवाचार के कदम उठाने और राज्य सरकार की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर आमजन को लाभान्वित करने के निर्देश दिये।
उन्होंने जिले में मिलावटी खाद्य सामग्री पर निरंतर कारवाई करने, शहर में साफ- सफाई व्यवस्था दुरस्त करने, बारिश मे होने जल भराव वाले स्थानों की पहचान कर त्वरित रूप से जल निकासी की व्यवस्था करने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया। साथ ही उन्होंने सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज परिवादों की समीक्षा कर सात दिवस से पूर्व के सभी प्रकरणों का तीन दिन में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने की स्वतंत्रता दिवस आयोजन की तैयारियों की समीक्षा
बैठक में जिला कलक्टर ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन की तैयारियों की समीक्षा कर जिला स्तरीय कार्यक्रम के लिए संबंधित अधिकारियों को दायित्व सौपने, सभी आवश्यक इंतज़ाम समय पर पूर्ण करने के लिए निर्देशित किया।
इस दौरान बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री महेंद्र मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा, उपखंड अधिकारी विकास मोहन भाटी, नगर परिषद आयुक्त भगवान सिंह, विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता एफ आर मीणा, जिला रसद अधिकारी उपेंद्र ढाका सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।










