
दुमका। सिदो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय मुख्यालय में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. कुनुल कंदीर ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और उपस्थित शिक्षकों, कर्मचारियों तथा छात्रों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में कुलपति ने देश की आज़ादी में स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को नमन किया और उनके बलिदान को याद किया। उन्होंने तिरंगे के तीन रंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह केवल रंग नहीं, बल्कि देश के मूलभूत सिद्धांतों के प्रतीक हैं। हरे रंग के महत्व को रेखांकित करते हुए उन्होंने पर्यावरण संरक्षण तथा पेड़-पौधों की रक्षा की अपील की।
कुलपति ने कहा कि वीरों के पदचिन्हों पर चलते हुए हमें राष्ट्र को प्रगति की ओर ले जाना है। उन्होंने सभी धर्मों, जातियों और समुदायों के बीच समभाव और सम्मान बनाए रखने का आह्वान किया। साथ ही, जातिवाद, दहेज प्रथा और धार्मिक भेदभाव जैसी सामाजिक बुराइयों को समाप्त कर आंतरिक स्वतंत्रता की दिशा में काम करने की जरूरत बताई।
प्रो. कंदीर ने विश्वविद्यालय को एक परिवार की तरह चलाने और सभी सदस्यों को प्रेम, सद्भावना एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा दी। उन्होंने विश्वविद्यालय को शैक्षणिक, सामाजिक और सांस्कृतिक दृष्टि से आगे ले जाने के लिए सभी को मिलकर संकल्प लेने का आग्रह किया।
समारोह में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षक, कर्मचारी और छात्रगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।