

डीडवाना-कुचामन जिले में सोमवार को जिला स्तरीय अधिकारियों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक सोमवार को जिला कलक्टर डॉ.महेंद्र खड़गावत की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई।
बैठक में जिला कलक्टर डॉ खड़गावत ने जिले में बारिश के कारण उत्पन्न जलभराव की स्थिति, विद्युत एवं चिकित्सा व्यवस्था, सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों एवं अंतर विभागीय विषयों सहित विभिन्न कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिशा- निर्देश दिए।
उन्होंने सभी अधिकारियों को सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों का समयबद्ध रूप से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के लिए निर्देशित किया।
इस दौरान जिला कलक्टर ने क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत करने, विद्युत ट्रिपिंग की व्यवस्था में सुधार करने मार्बल स्लरी की नीलामी करने एवं अवैध खनन की गतिविधियों पर कारवाई करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
बैठक में जिला कलक्टर डॉ.खड़गावत ने जिले में दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने के लिए उपखंडवार शिविर आयोजित करने के लिए चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए।
*जिले में मौसमी बीमारी रोकथाम अभियान की हुई शुरुआत*
इससे पूर्व जिले में मौसमी बीमारियों पर रोकथाम के लिए जिला कलक्टर डॉ.महेंद्र खड़गावत की पहल पर जिला प्रशासन द्वारा ‘ मौसमी बीमारी रोकथाम अभियान’ की शुरुआत जिला कलक्टर डॉ.महेंद्र खड़गावत, जिला पुलिस अधीक्षक श्रीमती ऋचा तोमर द्वारा की गई।
इस अवसर पर जिला कलक्टर डॉ खड़गावत ने बताया कि बारिश के मौसम के मध्यनजर जिले में डेंगू, मलेरिया,बुखार सहित मौसमी एवं मच्छरजनित बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण व रोकथाम के लिए अभियान की शुरुआत की गई है।
उन्होंने बताया कि मौसमी बीमारी रोकथाम अभियान के तहत जिले के शहरी क्षेत्रों में नगर परिषद/ पालिका व ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत द्वारा सप्ताह में दो बार फॉगिंग की जायेगी और सफाई के लिए विशेष अभियान चलाये जायेंगे। साथ ही चिकित्सा विभाग द्वारा सभी जलभराव वाले स्थानों पर केमिकल वॉल का छिड़काव किया जायेगा, जिससे जिले में मौसमी बीमारियों के फैलने से रोका जा सकेगा।
इस दौरान उन्होंने आमजन से भी अभियान के तहत भागीदारी करने एवं जिला प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
इस दौरान बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर महेंद्र मीणा, अतिरिक्त जिला कलक्टर कुचामन राकेश कुमार गुप्ता, नगर परिषद आयुक्त भगवान सिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ नरेंद्र चौधरी सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।









