
वंदेभारतलाइवटीव न्युज नागपुर मंगलवार 26/08/2025-: गणेशोत्सव का समय अब आ ही गया । कल बुधवार 27 अगस्त 2025 से गणेशोत्सव का यह धार्मिक पर्व शुरू हो रहा है। प्रथम पूज्य भगवान श्रीगणेश जी के आगमन के साथ ही पर्यावरण के हिसाब से गणेशोत्सव मनाने के लिए नागपुर महानगर पालिका ने भी पूरी तैयारी कर रखी है। प्राप्त हुई जानकारी के अनुसार इस बार गणेशोत्सव के दौरान एकत्रित किये जाने वाले पूजा निर्माल्य से वर्मी कंपोस्ट खाद बनाई जायेगी। इस वर्मी कंपोस्ट खाद का उपयोग नागपुर शहर के बाग बगीचों पार्क में खाद के रूप में किया जायेगा। इस खाद के पौधों मे डालने से पौधे लहलहाएंगे। इससे शहर के बाग बगीचे पार्क भी खिल उठेंगे, और इस तरह से गणेशोत्सव के दौरान एकत्रित किये जाने वाले पूजा निर्माल्य का सदुपयोग भी हो जायेगा। पर्यावरण के अनुकूल गणेशोत्सव मनाने के लिए आज मंगलवार को निर्माल्य रथ का भी उद्घाटन नागपुर महानगर पालिका आयुक्त डॉ• अभिजीत चौधरी जी ने किया है। नागपुर महानगर पालिका प्रतिवर्ष शहर के विभिन्न गणेश पंडालों से एकत्रित पूजा निर्माल्य को एक विशेष कलश में एकत्रित किया करता है। इसके लिए प्रतिवर्ष दस जोन मे से हर एक के लिए अलग अलग रथों की व्यवस्था की जाती थी। इस बार इसके लिए नौ अतिरिक्त रथों की व्यवस्था की जा रही है। इस वर्ष अब दस जोन में 19 निर्माल्य रथ उपलब्ध रहेंगे। जानकारी के अनुसार इनमे 05 इलेक्ट्रिक ई रथ भी शामिल किए गए हैं। प्राप्त जानकारी अनुसार इन निर्माल्य रथों की सहायता से प्रत्येक जोनवार सार्वजनिक गणेश मंडलों के द्वारा स्थापित श्री गणेश जी के पूजा निर्माल्य को श्रद्धाभाव के साथ एकत्रित करके वैज्ञानिक विधि अनुसार संसाधित कर उससे खाद का निर्माण किया जायेगा। जानकारी के अनुसार पूजा निर्माल्य से खाद तैयार करने के लिए नागपुर महानगर पालिका ने भांडेवाड़ी में इसके लिए व्यवस्था की है। नागरिकगणों से अपील की जाती है कि नागरिक अपने नजदीकी गणेश पंडालों में श्रीगणेश जी के पूजा निर्माल्य को जमा करें। महानगर पालिका के सफाई कर्मचारी इस पूजा निर्माल्य को एकत्रित करेंगे। मनपा आयुक्त डॉ• अभिजीत चौधरी जी ने सभी सार्वजनिक गणेश मंडलों निर्माल्य कलश संग्रह की व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।