
27/11/2025

संविधान दिवस के अवसर पर जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में कार्यक्रम का किया गया आयोजन
आज 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर माँ मुंडेश्वरी सभागार, कैमूर में जिला प्रशासन द्वारा एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी कैमूर ने की। सभागार में जिला स्तरीय सभी पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के कर्मी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की मुख्य विशेषता संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन रही, जिसमें जिला पदाधिकारी के नेतृत्व में सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों ने संविधान के प्रति निष्ठा, नागरिक कर्तव्यों के पालन, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और देश की प्रभुता एवं अखंडता को अक्षुण्ण रखने की शपथ ली।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि संविधान हमारे देश की आत्मा है, जो हमें अधिकारों के साथ दायित्व भी प्रदान करता है। समाज के हर वर्ग को समानता, न्याय और स्वतंत्रता के सिद्धांतों को जीवन में उतारना चाहिए।
अपने संबोधन में जिला पदाधिकारी ने कहा कि—
संविधान दिवस का उद्देश्य नागरिकों को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है। इसके लिए सामाजिक सौहार्द, समानता, संवैधानिक आचरण एवं लोकतांत्रिक सहभागिता को बढ़ावा देना अत्यंत आवश्यक है।
युवाओं को विशेष रूप से संविधान की मूल भावना को समझने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी करने की प्रेरणा देनी चाहिए।
उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि संविधान की भावनाओं को जन-जन तक पहुँचाने के लिए विभागीय स्तर पर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएँ।
इस आयोजन में विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी, जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी /कर्मचारी, शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि सम्मिलित हुए।सभी ने संविधान के आदर्शों को व्यवहार में लाने का संकल्प व्यक्त किया।
आज का यह आयोजन संविधान के प्रति सम्मान और इसकी मूल भावना के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है।
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट )





