
27/11/2025

नशा मुक्ति दिवस पर सिरसी में निकली जन-जागरूकता रैली, छात्रों ने दिया सामाजिक संदेश
चैनपुर , कैमुर
नशा मुक्ति दिवस के अवसर पर चैनपुर प्रखंड अंतर्गत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिरसी में बुधवार को एक भव्य जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। विद्यालय प्रशासन द्वारा संचालित इस कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक बाबूलाल राम सहित सभी शिक्षक और सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएँ उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
रैली की शुरुआत विद्यालय परिसर से की गई, जहाँ विद्यार्थियों ने नशा उन्मूलन से संबंधित जागरूकता नारों के साथ पूरे गांव में संदेश दिया। “नशा छोड़ो, जीवन संवारो”, “नशा मुक्त बनेगा भारत”, “युवा शक्ति देश की शक्ति”— जैसे प्रभावशाली नारों से पूरे क्षेत्र का वातावरण गूंज उठा।
प्रधानाध्यापक बाबूलाल राम ने रैली को हरी झंडी दिखाते हुए कहा कि नशा समाज और युवाओं के भविष्य के लिए सबसे बड़ा खतरा है। उन्होंने बताया कि विद्यालय स्तर पर इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम से बच्चों में सही दिशा और सकारात्मक सोच का विकास होता है, जो आगे चलकर समाज को नशामुक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
शिक्षकों ने भी नशा उन्मूलन के लिए जागरूकता फैलाने की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि शराब, गुटखा, तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थ न केवल स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि परिवार और समाज पर भी बुरा प्रभाव डालते हैं।
रैली के दौरान छात्र-छात्राओं ने पोस्टर, बैनर और स्लोगन के माध्यम से लोगों को जागरूक किया और ग्रामीणों से नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प लेने की अपील की।






