
फिरोजाबाद।
बाबा नीम करौरी महाराज के जन्मोत्सव पर उनकी जन्मस्थली ग्राम अकबरपुर, तहसील टूंडला में गुरुवार को विशेष श्रद्धा और आस्था का माहौल रहा। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने यहां पहुंचकर बाबा के दरबार में माथा टेका और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना की।
उपमुख्यमंत्री ने बाबा के परिजनों से भी भेंट की और बाबा के जीवन, विचारों तथा उनकी आध्यात्मिक परंपरा पर आधारित कॉफी टेबल बुक का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों के जीवन में सुख, शांति और प्रगति का मार्ग बाबा नीम करौली के आशीर्वाद से प्रशस्त होता है।
उपमुख्यमंत्री पाठक ने कहा, “बाबा का ध्यान हर संकट का समाधान खोजने की शक्ति देता है। उनके उपदेश आज की पीढ़ी को आध्यात्मिकता और सनातन संस्कृति से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं। यही कारण है कि उनका प्रभाव देश ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में व्यापक है। बड़े उद्योगपतियों से लेकर आम इंसान तक, सभी बाबा के चरणों में आस्था रखते हैं।”
उन्होंने यह भी कहा कि बाबा के आशीर्वाद से सनातन संस्कृति का परचम वैश्विक स्तर पर मजबूती से लहरा रहा है।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह और बाबा के दामाद जगदीश भटेरे समेत अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।









