।। रविवार के दिन लखनऊ में सूर्य प्रताप सिंह नामक शख्स की हत्या कर दी गई, हत्या का आरोप सूर्य की लिव इन पार्टनर पर है।।
।। विधवा के साथ लिव-इन में रहता और बेटी के साथ करता था गलत काम।।
अजीत मिश्रा (खोजी)
विधवा के साथ लिव-इन में रहता और बेटी के साथ करता था गलत काम! घर में 3 CCTV भी… सूर्य प्रताप सिंह के मर्डर की पहेली सुलझी?
09 दिसंबर 25, उत्तर प्रदेश।
रविवार के दिन लखनऊ में सूर्य प्रताप सिंह नामक शख्स की हत्या कर दी गई. हत्या का आरोप सूर्य की लिव इन पार्टनर पर है। इस बीच महिला ने पूरी कहानी सुनाई है कि आखिर उसने सूर्य को दर्दनाक मौत क्यों दी. खबर में विस्तार से पूरा मामला पढ़िए.
सूर्य ने घर में लगा दिए थे सीसीटीवी कैमरे, करता था ये काम
महिला ने चौंकाने वाला दावा किया है. पुलिस पूछताछ में उसने आरोप लगाया कि सूर्य प्रताप सिंह उसकी बड़ी बेटी पर बुरी नजर रखता था। उसे गलत तरीके से छूता था। महिला ने कहा कि सूर्य उसकी दोनों बेटियों को घर में कैद जैसा माहौल देता था। घर में 3 सीसीटीवी कैमरे लगाकर मोबाइल से हर गतिविधि पर नजर रखता था। सूर्य ने महिला की बड़ी बेटी की पढ़ाई छुड़ाकर घर में रहने पर मजबूर कर दिया था। दोनों बेटियां और महिला इस बात से बेहद नाराज थीं जिससे घर में तनाव बढ़ता जा रहा था।
‘मैंने गले पर वार कर हत्या कर दी’
हत्या वाले दिन घर में क्या हुआ इसकी पूरी कहानी महिला ने बताई है। महिला ने बताया कि जब सूर्य ने उसकी बड़ी बेटी को घसीट कर कमरे में बंद कर लिया था तब लड़की चिल्लाई थी। महिला ने कहा, “उसकी चीख सुनकर मैं और छोटी बेटी पहुंचे। सूर्य ने मारपीट भी की। बेटी को छुड़ाते वक्त मैंने गुस्से में चाकू उठा लिया और बेटियों ने मिलकर उसे पकड़ लिया. इसके बाद मैंने गले पर वार कर हत्या कर दी.”
पुलिस को महिला की थ्योरी पर नहीं हो रहा विश्वास?
पुलिस का कहना है कि हत्या सिर्फ एक दिन के गुस्से का नतीजा नहीं लगती। प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि सूर्य की हत्या की प्लानिंग पहले से हो सकती है।
‘महिला और उसकी बेटियां मेरे बेटे के पैसे से ऐश कर रही थीं’
मृतक के पिता नरेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा अच्छी कमाई करता था, जबकि उसकी प्रेमिका कोई काम नहीं करती थी। नरेंद्र सिंह ने कहा, “महिला और उसकी बेटियां मेरे बेटे के पैसे से ऐश कर रही थीं। हम कई बार बेटे से समझाने की कोशिश करते थे लेकिन वह बात टाल देता था।” नरेंद्र सिंह ने बताया कि वह बेटे की शादी के लिए रिश्ते देख रहे थे और हत्या वाले दिन भी सूर्य ने उनसे फोन पर बात की थी और पैसे भेजे थे। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी और उसकी बेटियों को जेल भेज दिया गया है। सभी एंगल से मामले की जांच जारी है।
कैसे हुई थी सूर्य और प्रेमिका के बीच मुलाकात?
सूर्य प्रताप सिंह मूल रूप से देवरिया का निवासी था। वह अपने पिता नरेंद्र सिंह के साथ जानकीपुरम में रहता था। करीब 12 साल पहले वह जानकीपुरम में रहने वाली एक महिला की दोनों बेटियों को ट्यूशन पढ़ाने जाता था। इसी दौरान महिला के पति राजेंद्र कुमार की शराबखोरी की वजह से मौत हो गई। पति की मौत के कुछ समय बाद महिला और सूर्य के बीच नजदीकियां बढ़ीं। दोनों ने साथ रहने का फैसला कर लिया। पिछले 5 साल से सूर्य प्रताप, प्रेमिका और उसकी दोनों बेटियां एक ही घर में रह रहे थे।
















