
निवाड़ी। आगामी वर्ष 2026 की राष्ट्रीय गणना प्रक्रिया को सुचारू एवं पूर्ण पारदर्शिता से संपन्न कराने के लिए प्रशासन एवं बीएलओ (BLO) द्वारा जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। संबंधित अधिकारीयों ने स्पष्ट कहा है कि यदि वर्ष 2003 की जनगणना सूची में आपका या आपके परिवार का नाम दर्ज नहीं था, तब भी इस बार वर्ष 2026 का गणना पत्रक भरकर अनिवार्य रूप से बीएलओ को जमा करें।
अधिकारियों ने बताया कि जनगणना देश की योजना निर्माण, विकास कार्यों, सरकारी सुविधाओं के वितरण, व्यक्तिगत दस्तावेजों और भविष्य के बजट निर्धारण का आधार होती है। इसलिए किसी भी परिस्थिति में फॉर्म नहीं भरने या नाम शामिल न करवाने की लापरवाही भविष्य में कई कठिनाइयाँ खड़ी कर सकती है।
बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना पत्रक वितरित किए जा रहे हैं तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर उन्हें भरकर जमा करने का अनुरोध किया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अपने आधार, राशन कार्ड, वोटर आईडी, बिजली बिल आदि पहचान संबंधी आवश्यक दस्तावेज तैयार रखें, ताकि प्रक्रिया आसान एवं सटीक हो सके।
अंत में अधिकारियों ने कहा—
“देश के विकास में आपकी भागीदारी आवश्यक है। 2003 में नाम न होने पर भी 2026 का गणना पत्रक भरकर बीएलओ को अवश्य जमा करें।”



