

🚨 महाठग बाबा बेनकाब | तंत्र-मंत्र के नाम पर करोड़ों की ठगी का पर्दाफाश 🚨
मुज़फ्फरनगर से फर्जी तांत्रिक गिरफ्तार, यूपी-उत्तराखंड में फैला था ठगी का जाल
उत्तर प्रदेश के मुज़फ्फरनगर से उत्तराखंड पुलिस ने एक बड़े ठगी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए खुद को तांत्रिक-बाबा बताने वाले शातिर ठग मोहसिन मलिक (32 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। यह फर्जी बाबा फोन कॉल और ऑनलाइन माध्यम से लोगों को अपने जादुई चमत्कारों का झांसा देता था और उनकी पारिवारिक, आर्थिक व स्वास्थ्य समस्याएं दूर करने का दावा कर उनसे लाखों रुपये की ठगी करता था। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने यूपी और उत्तराखंड के कई अखबारों में बाकायदा विज्ञापन छपवाए थे, जिनमें वह खुद को सिद्ध तांत्रिक बताता था, जबकि सोशल मीडिया पर फर्जी उपलब्धियों और कथित सफलताओं का प्रचार कर भोले-भाले लोगों को अपने जाल में फंसाता था।
मामला तब उजागर हुआ जब पौड़ी जनपद के सतपुली क्षेत्र की एक बुजुर्ग महिला से 5 लाख 58 हजार रुपये की ठगी की शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत मिलते ही एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एक विशेष पुलिस टीम गठित की। टीम ने तकनीकी सर्विलांस, कॉल डिटेल और डिजिटल ट्रांजैक्शन की गहन जांच कर आरोपी की लोकेशन ट्रेस की और आखिरकार उसे मुज़फ्फरनगर से दबोच लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी लंबे समय से इस ठगी के धंधे में सक्रिय था और कई राज्यों में अपने शिकार बना चुका है।
पूछताछ में यह भी संकेत मिले हैं कि मोहसिन मलिक अकेला नहीं था, बल्कि उसके पीछे एक पूरा नेटवर्क काम कर रहा था, जो विज्ञापन, सोशल मीडिया प्रचार और ऑनलाइन पेमेंट के जरिए ठगी को अंजाम देता था। पुलिस अब उसके अन्य साथियों, बैंक खातों और संभावित पीड़ितों की पहचान में जुटी है। यह कार्रवाई उन फर्जी बाबाओं, तांत्रिकों और अंधविश्वास फैलाने वालों के लिए कड़ा संदेश है कि कानून की पकड़ से कोई बच नहीं सकता।
रिपोर्ट: एलिक सिंह
संपादक – Vande Bharat Live TV News
ब्यूरो चीफ – दैनिक आकांशा बुलेटिन, सहारनपुर
📞 संपर्क: 8217554083 (खबर, विज्ञप्ति या सूचना हेतु संपर्क करें)





