

इंदौर/ स्थानीय खंडेलवाल वेयरहाउस के मालिक पर बैंक का लगभग 1057 मीट्रिक टन अनाज रोकने और बैंक अधिकारियों और पुलिस अधिकारी के सामने भी उनका रखा हुआ अनाज नहीं देने के गंभीर आरोप लगे हैं। बैंक कर्मचारियों ने बताया कि पिछले तीन महीनों से वेयरहाउस से माल प्राप्त करने में लगातार बाधाएँ खड़ी की जा रही हैं।
बैंक अधिकारी जब निर्धारित समय पर वेयरहाउस से माल लेने पहुंचे, तो वेयरहाउस मालिक द्वारा बैंक का बचा हुआ शेष माल उठाने नहीं दिया गया तथा उन्हें वापस लौटने के लिए मजबूर किया गया। बैंक कर्मियों का आरोप है कि वेयरहाउस मालिक ने न केवल पहले का लगभग 1.50 करोड़ रुपये का माल उनके रिलीज ऑर्डर को देखें बिना किसी अन्य व्यक्ति को दे दिया है, बल्कि अब शेष माल जिसकी कीमत करीबन 6.50 करोड रुपए है वह भी रोक रखा है।
बैंक प्रशासन ने इस पूरे प्रकरण को गंभीर बताते हुए संबंधित विभागों से हस्तक्षेप की मांग की है। कर्मचारियों ने कहा कि लगातार तीन महीनों से वेयरहाउस मालिक के रवैये के कारण बैंक कार्य प्रभावित हो रहा है और माल की सुरक्षा पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा हो गया है।
बैंक प्रबंधन पहले ही उच्च अधिकारियों और पुलिस प्रशासन को औपचारिक शिकायत सौंप चुके है। वहीं, वेयरहाउस मालिक की ओर से अभी तक इन आरोपों को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

