

बाइक टक्कर के बाद ट्रक की चपेट में आई महिला और मासूम, दोनों की मौत, तीन घायल
वंदे भारत/नूर पत्रकार
कुंदरकी-डींगरपुर मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दो बाइकों की आपस में टक्कर के बाद सड़क पर गिरे बाइक सवार पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में एक महिला और दो माह की मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार अमरोहा के घनारामपुर निवासी शाहिदी अपनी मां सायमा को बाइक पर बैठाकर ग्राम सैफपुर चित्तू जा रहा था। इसी दौरान गोविंदपुर मुंडापांडे निवासी वीरपाल ने अपनी पत्नी बीरो, बहन पिंकी और दो माह की बच्ची को एक बाइक पर बैठाया था। पेट्रोल पंप के समीप दोनों बाइकों की अचानक टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर जा गिरे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में वीरपाल की दो माह की मासूम पुत्री और शाहिदी की मां सायमा गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
वहीं शाहिदी, बीरो और पिंकी भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर दो घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर परिजनों को सौंप दिया। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर किसी तरह की कार्रवाई करने से इनकार कर दिया। पुलिस ने मामले की जानकारी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की।












