

निवाड़ी , कलेक्टर श्रीमती जमुना भिडे के निर्देशन में जल संचय अभियान के अंतर्गत ग्राम कछीपुरा एवं ग्राम पंचायत भेलसा में बोरी बंधान का कार्यक्रम आयोजित किया गया। सकूली ग्राम सेवा समिति सकूली द्वारा ग्राम कछीपुरा में कछीपुरा नाला के पास जनभागीदारी से बोरी बंधान किया गया, वहीं ग्राम पंचायत भेलसा में आशा जन कल्याण समिति एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के सहयोग से बोरी बंधान कर जल संचयन की शपथ दिलाई गई।
जिला समन्वयक मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद डॉ. सुनील कटियार एवं विकासखंड समन्वयक राजकुमार पाठक के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में समन्वयक सूर्य प्रकाश यादव उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वर्षा जल का संचय कर प्राकृतिक जल धारण क्षमता को बढ़ाना है।
इस अवसर पर जल सहेलियों सहित उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने नाले में बोरियों में मिट्टी भरकर बहते पानी को रोकने हेतु सामूहिक श्रमदान किया। संस्था अध्यक्ष मुकेश कुमार यादव ने बोरी बंधान के माध्यम से जल संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित नागरिकों को पानी बचाने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि बोरी बंधान केवल एक तकनीक नहीं, बल्कि सामुदायिक जागरूकता का प्रतीक है। छोटे-छोटे प्रयास ही भविष्य में बड़े जल संकट को टालने में सहायक सिद्ध होते हैं और ऐसी सामूहिक पहलें जल संरक्षण के स्थायी समाधान प्रस्तुत करती हैं।
कार्यक्रम में आगे भी ऐसे प्रयासों में सहयोग की अपील की गई। इस दौरान ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति अध्यक्ष विमलेश कुमार कुशवाहा, सुनील शर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।








