

निवाड़ी , प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, निवाड़ी में हिंदी एवं अंग्रेजी विभाग में शोध केंद्र स्थापना हेतु महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, छतरपुर के माननीय कुलगुरु द्वारा गठित निरीक्षण समिति ने महाविद्यालय का भ्रमण कर आवश्यक निरीक्षण किया।
निरीक्षण समिति के संयोजक डॉ. बहादुर सिंह परमार (विभागाध्यक्ष हिंदी एवं प्रभारी शोध), डॉ. वी.पी.एस. गौर (विभागाध्यक्ष अंग्रेजी) एवं हर्षित ताम्रकार (सहायक कुलसचिव) महाविद्यालय पहुंचे, जहां प्राचार्य डॉ. मो. नसीम खान के नेतृत्व में हिंदी एवं अंग्रेजी विभाग का विस्तृत निरीक्षण कराया गया।
इस दौरान विभागाध्यक्ष डॉ. एम.एस. विमल एवं डॉ. पायल लिल्हारे सहित सहायक प्राध्यापक डॉ. जितेंद्र आरोलिया एवं प्रो. संतोष कुमार रजक ने शोध केंद्र से संबंधित उपलब्ध संसाधनों, अधोसंरचना एवं दस्तावेजों के आधार पर समिति के समक्ष प्रस्तुतीकरण दिया।
समिति द्वारा महाविद्यालय की केंद्रीय पुस्तकालय, दोनों विभागों की विभागीय लाइब्रेरी, वाचनालय, भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ, कंप्यूटर लैब एवं युवा प्रकोष्ठ का भी निरीक्षण किया गया। प्राचार्य डॉ. नसीम खान ने समिति को अवगत कराया कि महाविद्यालय में वर्तमान में 6 विभागों में शोध केंद्र संचालित हैं, जिनमें 49 शोधार्थी शोध कार्य कर रहे हैं। हिंदी एवं अंग्रेजी विषय में शोध केंद्र की स्थापना की आवश्यकता है, जिसके लिए महाविद्यालय पूर्णतः सुविधा-संपन्न है।
निरीक्षण के अवसर पर वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. उषा त्रिपाठी, डॉ. वी.के. गुप्ता, डॉ. वी.पी. गौड, डॉ. पुष्पेंद्र कटियार, डॉ. संतोष कुमार सिद्धार्थ, प्रदीप अवस्थी, प्रो. महेश कुमार अहिरवार, प्रो. महिपाल सिंह सहित समस्त कार्यालयीन स्टाफ उपस्थित रहा एवं सहयोग प्रदान किया।









