A2Z सभी खबर सभी जिले की

सक्षम दिव्यांग जन चेतना रथ यात्रा का शुभारंभ, दिव्यांग सशक्तिकरण एवं राजनीतिक भागीदारी पर जोर

सक्षम दिव्यांग जन चेतना रथ यात्रा का शुभारंभ, दिव्यांग सशक्तिकरण एवं राजनीतिक भागीदारी पर जोर

रोहट।
दिव्यांगजनों के अधिकार, सम्मान, सेवा एवं स्वावलंबन के उद्देश्य से सक्षम दिव्यांग जन चेतना रथ यात्रा का रोहट में भव्य शुभारंभ किया गया। इस रथ यात्रा का मुख्य उद्देश्य गांव-गांव एवं ढाणी-ढाणी तक पहुंचकर दिव्यांगजनों को उनके संवैधानिक अधिकारों, केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों के प्रति जागरूक करना है, ताकि दिव्यांगजन आत्मनिर्भर बनकर समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें।

इस अवसर पर दिव्यांग सेवा संस्थान, पाली द्वारा संगठन को सशक्त करते हुए श्री झालाराम देवासी के मार्गदर्शन में श्री बिजाराम जी पटेल को रोहट अध्यक्ष नियुक्त किया गया। सभी उपस्थितजनों ने इस नियुक्ति का स्वागत करते हुए दिव्यांग हित में संगठित होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जन सेवक नरपत सिंह राजपुरोहित ने कहा कि दिव्यांगजन समाज की शक्ति हैं और उन्हें केवल सहानुभूति नहीं, बल्कि अधिकार, अवसर और प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से दिव्यांगजनों को चुनावी प्रक्रिया में आरक्षण एवं प्रतिनिधित्व देने की आवश्यकता पर जोर देते हुए जिला स्तर पर दिव्यांग अधिकारों को लेकर विशेष बैठक आयोजित करने का आग्रह किया, ताकि इस विषय को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाया जा सके।

उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को पंचायत, नगर निकाय एवं अन्य निर्वाचित संस्थाओं में उचित प्रतिनिधित्व मिलने से उनकी समस्याओं का समाधान तेजी से होगा और नीतियों में उनकी वास्तविक भागीदारी सुनिश्चित होगी।

इस कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष मनोहर जी जोशी, जालम सिंह भावरी, लक्ष्मण सिंह (उपाध्यक्ष) सहित बाबूलाल, भीमाराम, कानाराम, मुनाराम, नाथा राम, गोपी पटेल, बाबूखां, सलीम खां, महबूब खां, ओमप्रकाश, भवराराम, वागा राम एवं लाला राम सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि दिव्यांगजनों का सम्मान, स्वावलंबन, रोजगार और सामाजिक सहभागिता ही सशक्त भारत की पहचान है। सक्षम दिव्यांग जन चेतना रथ यात्रा को दिव्यांग अधिकारों की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए इसे निरंतर जारी रखने का आह्वान किया गया।

Back to top button
error: Content is protected !!