
डॉ. रमेश पांचाल बने इंडियन डेंटल एसोसिएशन हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष
जींद : जींद के डिप्टी सिविल सर्जन डेंटल डॉ रमेश पांचाल को सर्वसम्मति से इंडियन डेंटल एसोसिएशन हरियाणा का प्रदेश अध्यक्ष चुना गया है। रोहतक में हुई एसोसिएशन की बैठक में नए प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव का एजेंडा रखा गया। इसमें सर्वसम्मति से डॉ रमेश पांचाल को इंडियन डेंटल एसोसिएशन हरियाणा का प्रदेश अध्यक्ष चुना गया। डॉ अजय खत्री को प्रदेश महासचिव की जिम्मेदारी एक बार फिर दी गई।एसोसिएशन के नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष डॉ रमेश पांचाल ने कहा कि बैठक में यह फैसला लिया गया कि एसोसिएशन ओरल कैंसर और ओरल हेल्थ के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए बड़ा अभियान चलाएगी। इसमें ईंट भट्ठों से लेकर जेलों में जाकर भी ओरल कैंसर और ओरल हेल्थ के बारे जानकारी दी जाएगी।
प्रदेश सरकार के साथ मिलकर एसोसिएशन बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों को दांतों की बीमारियों से बचाने और उपचार में मदद करेगी। डॉ पांचाल ने बताया कि पिछले दिनों इंडियन डेंटल एसोसिएशन के राष्ट्रीय सचिव डॉ अशोक डोबले ने मुंबई में डी-20 इंटरनेशनल सेमिनार का आयोजन किया था, जिसमें ओरल हेल्थ मजबूत बनाने की नीति पर भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा हुई थी। इसमें दूसरे कई और देशों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया था।
डॉ पांचाल ने कहा कि इंडियन डेंटल एसोसिएशन हरियाणा का मकसद प्रदेश के लोगों को डेंटल कैंसर से बचाने और लोगों के ओरल हेल्थ को मजबूत बनाने का है। इसमें प्रदेश सरकार के साथ हर तरह का सहयोग किया जाएगा। चुनावी बैठक में डॉ सतीश गर्ग, डॉ जोगेंद्र जांगड़ा, डॉ नीतू, डॉ विकास, डॉ मनीष गुप्ता, डॉ चंचल, डॉ राकेश रोहिला, डॉ अजय छिकारा, डॉ आशीष सिक्का, डॉ नेहा सैनी आदि खास तौर पर मौजूद रहे।
इस मौके पर महासचिव डॉ अजय खत्री ने कहा कि इंडियन डेंटल एसोसिएशन प्रदेश के डेंटल सर्जन के हितों की रक्षा करने में लगी हुई है। एसोसिएशन का प्रयास है कि हरियाणा के लोग दांतों की बीमारियों और मुंह के कैंसर से मुक्त हों। डॉ संकल्प, डॉ अंकित झा और डॉ अर्कप्रवा साहा ने छोटे बच्चों के दांतों के उपचार के समय उनके मुंह को अर्ध बेहोश करने के लिए नाइट्रस ऑक्साइड सेडेशन बारे नई तकनीक की जानकारी दी। डॉ अंकित झा ने मुंह को स्कैन करने के लिए डिजिटल तकनीक अपनाने को कहा। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दांतों की सुंदरता के लिए आई नई तकनीकों की बारीकी से जानकारी दी।
इंडियन डेंटल एसोसिएशन हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष चुने गए डॉ रमेश पांचाल हरियाणा सिविल डेंटल सर्जन एसोसिएशन के भी प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। कोविड में डॉ रमेश पांचाल ने प्रदेश में सबसे ज्यादा लोगों के कोरोना सैंपल लेने का रिकॉर्ड बनाया था। कोरोना में सबसे ज्यादा मरीजों की जांच और उपचार का रिकॉर्ड भी डॉ रमेश पांचाल ने अपने नाम किया था।





