A2Z सभी खबर सभी जिले कीउत्तर प्रदेशताज़ा खबर

सावधान मड़ियाहू! दिनदहाड़े लूट की वारदात 🚨

महिला व्यवसायी से सोने की चेन छीनकर फरार हुए नकाबपोश बदमाश, CCTV में कैद हुई वारदात

IMG 20251228 WA0009

जौनपुर जिले के मड़ियाहू कोतवाली क्षेत्र के स्थानीय नगर स्थित भंडरिया टोला में रविवार की सरेशाम बेखौफ बदमाशों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। किराने की दुकान पर बैठी महिला व्यवसायी के गले से सोने की चेन छीनकर पल्सर सवार नकाबपोश बदमाश फरार हो गए। पूरी घटना दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार भंडरिया टोला में राज क्लिनिक के बगल स्थित शिवम जायसवाल की किराने की दुकान पर उनकी पत्नी वैशाली जायसवाल बैठी थीं। रविवार शाम करीब 4 बजे शिवम जायसवाल दुकान का सामान लेने बाजार गए थे। इसी दौरान काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार दो युवक, जिनके चेहरे ढके थे और हेलमेट लगाए हुए थे, दुकान के बाहर कुछ देर तक खड़े रहे।

जब बदमाशों ने देखा कि दुकान पर केवल महिला ही मौजूद है, तो बाइक के पीछे बैठा बदमाश दुकान पर पहुंचा और गुटका मांगने लगा। जैसे ही वैशाली जायसवाल गुटका देने के लिए मुड़ीं, पीछे से बदमाश ने उनके गले में पहनी सोने की चेन झपट ली और दौड़ पड़ा। पीड़िता के शोर मचाने तक बदमाश बाइक पर सवार होकर मछलीशहर की ओर फरार हो गए।

बदमाशों के भागने का पूरा दृश्य सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। घटना की सूचना पर पीड़िता के पति शिवम जायसवाल की तहरीर पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। दिनदहाड़े सड़क किनारे हुई इस वारदात से नगर के व्यापारियों में भय का माहौल है।

इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया आशंका है कि घटना में किसी परिचित व्यक्ति की संलिप्तता हो सकती है, हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि एक-दो दिन में घटना की हकीकत सामने आ जाएगी।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।

Back to top button
error: Content is protected !!