
वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज गाजीपुर


गाजीपुर। जिले के मरदह विकासखंड क्षेत्र के सिगेंरा गांव में रविवार को शहीद मेजर कृष्णा सिंह यादव की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर भव्य कुश्ती दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस आयोजन में गाजीपुर, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, आजमगढ़ और वाराणसी सहित आसपास के कई जिलों से आए सैकड़ों पहलवानों ने अपनी कुश्ती कला का प्रदर्शन किया। सुबह से शुरू होकर देर शाम तक चले दंगल में रोमांचक मुकाबलों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत शहीद मेजर कृष्णा सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर वीर शहीद को नमन किया। इसके बाद कुश्ती दंगल का शुभारंभ हुआ, जिसमें विभिन्न भार वर्गों के पहलवानों ने पारंपरिक दांव-पेंच और आधुनिक तकनीकों से दर्शकों का दिल जीत लिया।
स्वर्गीय मेजर कृष्णा सिंह यादव भारतीय सेना में मेजर के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने अपने सैन्य जीवन की शुरुआत सिपाही के रूप में की थी और कड़ी मेहनत व अनुशासन के बल पर पदोन्नति पाकर मेजर बने। देश की सेवा करते हुए वे वीरगति को प्राप्त हुए, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई थी।
पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित इस दंगल के साथ एक श्रद्धांजलि सभा का भी आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, पूर्व सैनिकों और हजारों ग्रामीणों ने भाग लिया। सभी ने शहीद के बलिदान को याद करते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और युवाओं से देश सेवा व खेलों को अपनाने का आह्वान किया।
इस आयोजन के प्रमुख आयोजकों में पूर्व ग्राम प्रधान सुखिया देवी, युवा समाजसेवी संतोष यादव ‘टप्पे’, आशुतोष यादव (पहलवान), रवीन्द्र यादव (पहलवान), अमरनाथ यादव (इंजीनियर), मनोज यादव (आर्मी), अभिषेक यादव, राजीव यादव और उपेंद्र यादव शामिल रहे। आयोजकों ने बताया कि दंगल का उद्देश्य शहीद की स्मृति को चिरस्थायी बनाना और ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है।





