
संवाददाता अखिलेश विश्वकर्मा गढ़वा रमकंडा ठंड की बढ़ती ठिठुरन को देखते हुए रमकंडा थाना परिसर में मानवीय पहल के तहत जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में थाना प्रभारी रमकंडा पु०अ०नि० सुरेंद्र सिंह कुटिया के नेतृत्व में थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवानों ने क्षेत्र के बुजुर्गों, असहायों, दिव्यांगों, बेसहारा एवं जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल का वितरण किया।
कंबल पाकर जरूरतमंदों के चेहरे पर राहत और खुशी साफ झलक रही थी। इस अवसर पर थाना प्रभारी ने उपस्थित लोगों से संवाद करते हुए उन्हें सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने डायन-बिसाही जैसी कुप्रथा तथा शराब सेवन के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए इससे दूर रहने की अपील की।
थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के कमजोर वर्गों की मदद करना और उन्हें जागरूक करना भी पुलिस की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की सामाजिक बुराई या समस्या की जानकारी निर्भीक होकर पुलिस को देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने झारखंड पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए धन्यवाद व्यक्त किया।






