
पाली से खबर शंकरलाल फुलवारीया
पाली में किसान केसरी बलदेवराम मिर्धा की 137वीं जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम, विचार गोष्ठी में उनके योगदान को किया याद
पाली। किसान केसरी बलदेवराम मिर्धा की 137वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को पाली शहर में कलेक्ट्रेट निवास के समीप स्थित उनकी प्रतिमा पर भव्य पुष्पांजलि कार्यक्रम एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शहर के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने मिर्धा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक भीमराज भाटी ने कहा कि बलदेवराम मिर्धा केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचारधारा थे। उन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन किसानों के अधिकारों और न्याय की लड़ाई को समर्पित कर दिया। विधायक ने कहा कि मिर्धा ने उस समय किसान समाज में शिक्षा की अलख जगाई, जब संसाधनों का अभाव था, और वे सदैव किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए अग्रिम पंक्ति में खड़े रहे। उन्होंने मिर्धा के बताए मार्ग पर चलकर शिक्षित और जागरूक समाज के निर्माण का आह्वान किया।
विचार गोष्ठी के दौरान वक्ताओं ने किसान समाज के उत्थान के लिए मिर्धा द्वारा किए गए सुधारों और संघर्षों को रेखांकित किया। वक्ताओं ने बताया कि किस प्रकार उन्होंने किसानों को संगठित कर उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया और किसान आंदोलन को नई दिशा दी।








