
संवाददाता अखिलेश विश्वकर्मा गढ़वा कांडी। गढ़वा सदर एसडीओ संजय कुमार पांडेय ने सोमवार को कांडी प्रखंड कार्यालय में कांडी प्रखंड प्रमुख का चुनाव शांतिपूर्ण एवं विधिसम्मत तरीके से संपन्न कराया। प्रखंड प्रमुख पद के लिए दो उम्मीदवार मैदान में थे, जिनमें किरण देवी तथा सतेंद्र कुमार पांडेय उर्फ पिंकू पांडेय शामिल थे।विदित हो कि कांडी प्रखंड में कुल 21 पंचायत समिति सदस्य हैं। इनमें से एक सदस्य के आकस्मिक निधन के कारण 20 पंचायत समिति सदस्यों ने चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के दौरान किरण देवी को 8 मत जबकि सतेंद्र कुमार पांडेय को 12 मत प्राप्त हुए।

बहुमत के आधार पर सदर एसडीओ संजय कुमार पांडेय ने सतेंद्र कुमार पांडेय उर्फ पिंकू पांडेय को कांडी प्रखंड प्रमुख पद के लिए निर्वाचित घोषित किया। इसके उपरांत उन्हें निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किया गया तथा पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
इस संबंध में एसडीओ संजय कुमार पांडेय ने बताया कि मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी भी पंचायत समिति सदस्य का मत निरस्त नहीं हुआ। चुनाव पूरी तरह नियमानुसार, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि चुनाव को लेकर किसी भी प्रकार की आपत्ति किसी भी पक्ष द्वारा दर्ज नहीं कराई गई।





