
खलारी में उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री का भव्य स्वागत, झामुमो ने सौंपा मांग-पत्र।।
रिपोर्टर/राशीद अंसारी
खलारी। रांची के उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजंत्री का बुधवार को खलारी प्रखंड के मैक्लुस्कीगंज क्षेत्र में आगमन हुआ। जहां उपायुक्त का स्वागत झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) खलारी प्रखंड इकाई की ओर से प्रखंड अध्यक्ष श्यामजी महतो के नेतृत्व में भव्य रूप से किया गया।
स्वागत समारोह के बाद झामुमो के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से औपचारिक मुलाकात की और खलारी क्षेत्र की वर्षों से लंबित ज्वलंत जनसमस्याओं का विस्तृत मांग-पत्र सौंपा।
मुख्य मांगें इस प्रकार हैं:
महिला शिक्षा को बढ़ावा: डी.एम.एफ.टी. फंड से खलारी में एक महिला डिग्री कॉलेज के निर्माण की मांग। इससे क्षेत्र की बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
ए.सी.सी. कंपनी की लीज का मामला: वर्ष 1991 में समाप्त हुई लीज पर सरकारी नियंत्रण स्थापित कर क्वार्टर और जमीन से राजस्व व्यवस्था लागू करने की मांग।
सरकारी जमीन पर बसे परिवारों का बंदोबस्त: पिछले 50 वर्षों से सरकारी जमीन पर रहने वाले परिवारों को पाँच डिसमिल जमीन का विधिवत बंदोबस्त करने की मांग।
खलारी सीमेंट फैक्ट्री का पुनरुद्धार: फैक्ट्री बंद होने से बेरोजगारी बढ़ी है। मांग है कि इसे को-ऑपरेटिव मॉडल पर पुनः चालू कराया जाए।
तकनीकी शिक्षा के लिए ITI कॉलेज: युवाओं को तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार से जोड़ने के लिए आईटीआई कॉलेज की स्थापना।
बिश्रामपुर करकट्टा बस्ती में जहरीली गैस: बंद खदान से निकल रही गैस से जनसुरक्षा खतरे में; विस्थापन और पुनर्वास की मांग।
उपायुक्त श्री भजंत्री ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि जनहित से जुड़े मामलों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि खलारी क्षेत्र के सर्वांगीण विकास हेतु जिला प्रशासन सकारात्मक और ठोस पहल करेगा।
झामुमो नेताओं ने उपायुक्त की ऊर्जावान, संवेदनशील और विकासोन्मुख कार्यशैली की सराहना की और उम्मीद जताई कि उनकी सक्रिय पहल से खलारी की वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान जल्द होगा।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से झामुमो नेता जैनुल खान, मुबारक अंसारी, सरफराज खान, सुरेंद्र चौहान, सतीश ठाकुर, अजमुल अंसारी, हैदर खान, अख्तर खान, पवन उरांव, कुंदन कुमार चौहान सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित थे।











