A2Z सभी खबर सभी जिले कीTechnologyअन्य खबरेझारखंड

मैक्लुस्कीगंज के सनसनीखेज गोलीकांड में 11 दिन तक मौत से जूझते रहे व्यवसायी विजय केशरी, इलाज के दौरान तोड़ा दम।।

IMG 20260121 232214
मैक्लुस्कीगंज के सनसनीखेज गोलीकांड में 11 दिन तक मौत से जूझते रहे व्यवसायी विजय केशरी, इलाज के दौरान तोड़ा दम।।

रिपोर्टर/राशीद अंसारी

खलारी। मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बाजार टांड़ में हुए बहुचर्चित गोलीकांड ने बुधवार को एक दर्दनाक मोड़ ले लिया। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल व्यवसायी विजय केशरी ने 11 दिनों तक जीवन और मृत्यु से संघर्ष करने के बाद आखिरकार दम तोड़ दिया। बुधवार दोपहर करीब 1 बजे रांची स्थित रिम्स (RIMS) में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस खबर के फैलते ही पूरे मैक्लुस्कीगंज सहित आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं आम लोगों और व्यवसायियों में भारी आक्रोश देखने को मिला।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11 जनवरी को अज्ञात अपराधियों ने दिनदहाड़े बाजार टांड़ स्थित उनके व्यवसायिक प्रतिष्ठान के समीप विजय केशरी को गोली मार दी थी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें गंभीर हालत में पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स रेफर किया गया। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका और 11 दिनों बाद उन्होंने अंतिम सांस ली।

विजय केशरी की मौत की सूचना मिलते ही उनके घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, स्थानीय व्यवसायियों ने घटना को लेकर गहरा दुख और आक्रोश जताया है। व्यवसायी वर्ग का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ते अपराध ने व्यापारियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

इस घटना ने एक बार फिर मैक्लुस्कीगंज की कानून-व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर दिया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब दिनदहाड़े गोलीकांड जैसी वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है। लोगों का कहना है कि पुलिस की सक्रियता के बावजूद अपराध पर अंकुश नहीं लग पा रहा है।

बताया जा रहा है कि इस मामले में पुलिस ने कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया है, लेकिन मुख्य आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। इसे लेकर लोगों में नाराजगी और भी बढ़ गई है।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और सभी संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, विजय केशरी की मौत के बाद यह मामला अब हत्या में तब्दील हो गया है, जिससे आरोपियों पर और भी सख्त धाराएं जोड़ी जाएंगी।

फिलहाल, पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग बचे हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है। और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए सतर्कता बढ़ा दी गई है।

Back to top button
error: Content is protected !!