A2Z सभी खबर सभी जिले की

Sonbhadra news:खेल और संस्कृति का संगम: पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज दुद्धी में भव्य आयोजन

खेल प्रतियोगिता व वार्षिकोत्सव में छात्रों ने दिखाया प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन

दुद्धी, सोनभद्र (राकेश कुमार कन्नौजिया)_
पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज दुद्धी, सोनभद्र में गुरुवार को खेल प्रतियोगिता एवं वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन हर्षोल्लास और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष दुद्धी कमलेश मोहन एवं विशिष्ट अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक सोनभद्र जयराम सिंह तथा हाई स्कूल दीघुल के प्रधानाचार्य अरुण कुमार मिश्रा द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, उप प्रधानाचार्य सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य अतिथि, शिक्षक, कर्मचारी एवं अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना एवं स्वागत संबोधन से की गई, जिसके बाद खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
खेल प्रतियोगिता में छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। 100 मीटर दौड़, लंबी कूद, कबड्डी, बैडमिंटन और रस्साकशी जैसी प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क का उत्कृष्ट परिचय दिया।
100 मीटर दौड़ में राज एवं प्रेम कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कबड्डी प्रतियोगिता में बृजेश कुमार की टीम विजेता रही, जबकि बैडमिंटन प्रतियोगिता में शुभम गुप्ता ने प्रथम स्थान हासिल किया।
वार्षिकोत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह में चार चाँद लगा दिए। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नृत्य, गीत और नाटक ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया और सभी ने तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्य अतिथि कमलेश मोहन ने अपने संबोधन में कहा कि खेल और सांस्कृतिक गतिविधियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक कौशल का विकास होता है।
कार्यक्रम के अंत में विजेता प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अनिल कुमार प्रजापति ने प्रभावी ढंग से किया। निर्णायक मंडल में चंद्र प्रकाश, अभिजीत त्रिपाठी, संजय कुमार, रामकीर्ति यादव, अर्पित प्रभात, सोनू कुमार, महेंद्र यादव, महेश, राजेश गुप्ता और आनंद श्रीवास्तव सहित अन्य शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
समारोह के समापन पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अजय कुमार सिंह ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन पर प्रसन्नता जताई।

Back to top button
error: Content is protected !!