
धनबाद: नगर निकाय चुनाव के शांतिपूर्ण समापन के बाद सभी मतदान केंद्रों से मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा के बीच संग्रहित कर राजकीय पॉलिटेक्निक में सुरक्षित रखा गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 27 फरवरी की सुबह मतों की गिनती शुरू होगी। निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित मतगणना सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं।
मतगणना स्थल को पूरी तरह सुरक्षा घेरे में लिया गया है। परिसर में तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू है—बाहरी घेरा में सशस्त्र बलों की तैनाती के साथ सघन जांच, मध्य घेरा में दंडाधिकारियों और डीएसपी स्तर के अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति, जबकि आंतरिक सुरक्षा प्रशिक्षित विशेष बलों के जिम्मे है। तीसरे घेरे के आगे प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है।
पूरे परिसर और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से सतत निगरानी की जा रही है। मतपेटियों के जमा होने के बाद स्ट्रांग रूम को विधिवत सील कर दिया गया है और 24 घंटे सुरक्षा निगरानी जारी है। सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग आदित्य रंजन और प्रभात कुमार द्वारा लगातार की जा रही है। डीएसपी स्तर के अधिकारी स्ट्रांग रूम पर कैंप कर रहे हैं, जबकि अग्निशमन दल और चिकित्सा टीम भी अलर्ट पर हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मतगणना के दिन भी कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई जाएगी।






