
हरिद्वार में 21 किमी पॉड टैक्सी
परियोजना का स्थलीय निरीक्षण, जल्द शुरू करने के निर्देश
पंकज मित्तल जिला संवाददाता हरिद्वार
जनपद हरिद्वार पहुंचे सचिव (आवास) आर राजेश कुमार ने शहर में प्रस्तावित 21 किलोमीटर मेट्रो पीआरटी (पॉड टैक्सी) परियोजना का संबंधित अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति और तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
प्रबंध निदेशक उत्तराखण्ड मेट्रो रेल कॉरपोरेशन बृजेश कुमार मिश्रा ने अवगत कराया कि परियोजना की कुल लंबाई 20.74 किमी होगी, जिसमें 21 स्टेशन प्रस्तावित हैं। परियोजना को 15 फरवरी 2023 को उत्तराखण्ड सरकार की मंत्रिमंडल से स्वीकृति मिल चुकी है। इसके लिए कुल 4.8743 हेक्टेयर भूमि प्रस्तावित है, जिसमें निजी व रेलवे भूमि भी शामिल है।
अधिकारियों ने बताया कि ऑन-डिमांड, चालक-रहित एवं पूर्णतः स्वचालित यह इलेक्ट्रिक प्रणाली यातायात जाम की समस्या को कम करेगी तथा पर्यावरण के अनुकूल होने के कारण कार्बन उत्सर्जन में भी कमी लाएगी।
निरीक्षण के दौरान भारत माता मंदिर से शांतिकुंज, मोतीचूर, खड़खड़ी-भीमगोड़ा, ललतारों ब्रिज, वाल्मीकि चौक, मनसा देवी रोपवे गेट और हर की पौड़ी क्षेत्र का दौरा किया गया। दीनदयाल पार्किंग स्थल पर प्रस्तावित इंटीग्रेटेड रोपवे (मां चंडी देवी एवं मनसा देवी मंदिर) के लोअर टर्मिनल का भी सर्वेक्षण किया गया।
सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार परियोजना को शीघ्र प्रारंभ किया जाए तथा राजकीय भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया प्राथमिकता पर पूर्ण की जाए। निरीक्षण में निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।













