A2Z सभी खबर सभी जिले की

भाटापारा में मानवता को झकझोर देने वाली घटना: 89 वर्षीय असहाय वृद्धा से दुष्कर्म, आरोपी 2 घंटे में गिरफ्तार

भाटापारा ग्रामीण, 26 फरवरी 2026।
थाना भाटापारा ग्रामीण क्षेत्र से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया है। चलने-फिरने में पूर्णतः असमर्थ 89 वर्षीय वृद्ध महिला के साथ दुष्कर्म की वारदात ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है।
पीड़िता के पुत्र ने आज दिनांक 26.02.2026 को थाना भाटापारा ग्रामीण में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया गया कि उसकी बुजुर्ग माता, जो पूरी तरह असहाय और बिस्तर पर निर्भर हैं, के साथ रात के समय आरोपी दीपक टंडन द्वारा दुष्कर्म किया गया। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया कि आरोपी इससे पूर्व भी रात के समय घर आकर वृद्धा के साथ गलत कृत्य कर चुका है।
रिपोर्ट पर थाना भाटापारा ग्रामीण में अपराध क्रमांक 106/2026 के तहत धारा 64, 64(2)(ड), 332 बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर तत्काल विवेचना प्रारंभ की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की। उल्लेखनीय है कि रिपोर्ट दर्ज होने के मात्र 02 घंटे के भीतर ही आरोपी को हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने वृद्ध महिला के साथ दुष्कर्म की घटना को स्वीकार कर लिया।
आरोपी की पहचान दीपक टंडन उर्फ चुटू (उम्र 33 वर्ष), निवासी ग्राम मोपका, थाना भाटापारा ग्रामीण के रूप में हुई है। पुलिस ने 26 फरवरी 2026 को उसे विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है।
इस हृदयविदारक घटना ने समाज को यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि हमारी बुजुर्ग और असहाय महिलाओं की सुरक्षा किस प्रकार सुनिश्चित की जाए। जिस उम्र में एक माँ को सम्मान, सेवा और संरक्षण मिलना चाहिए, उस उम्र में उसके साथ ऐसा जघन्य अपराध होना अत्यंत पीड़ादायक है।
भाटापारा ग्रामीण पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने यह संदेश अवश्य दिया है कि कानून के हाथ लंबे हैं और ऐसे अपराधियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
समाज के सभी वर्गों से अपील है कि अपने आसपास हो रही संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि कमजोर और असहाय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Back to top button
error: Content is protected !!