

नजीबाबाद में रायपुर रोड पर स्थित गैस गोदाम के सामने एक खाली प्लॉट में रविवार शाम करीब 7 बजे आग लग गई। अग्निशमन दल की त्वरित कार्रवाई से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
26 अप्रैल को शाम 7 बजे नजीबाबाद फायर स्टेशन को विजन कॉलेज के पास भारत गैस गोदाम के सामने झाड़ियों में आग लगने की सूचना मिली। जनपद बिजनौर के मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देश पर फायर सर्विस यूनिट तुरंत मोटर फायर इंजन के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचे प्रभारी अग्निशमन नजीबाबाद के. एस. जादौन और उनकी टीम ने देखा कि खाली प्लॉट में खड़े झाड़-झंकार में आग ने विकराल रूप ले लिया था। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से नियंत्रण पा लिया।
इस अग्निकांड में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। पास में स्थित गैस गोदाम और विजन कॉलेज को सुरक्षित बचा लिया गया। यह खाली प्लॉट बॉबी पुत्र वीरेंद्र कुमार का बताया जा रहा है।






