
झालावाड़ 04 मई सोमवार। जिले के नाहरडी और बोरखेडा क्षेत्र में सोमवार दोपहर दो अलग-अलग ट्रैक्टर-ट्रॉली हादसों ने हड़कंप मचा दिया। शादी समारोह में जा रहे लोगों से भरी दोनों ट्रॉलियां अनियंत्रित होकर पलट गईं, जिससे महिलाओं, पुरुषों और बच्चों सहित 24 से अधिक लोग घायल हो गए।
गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि चार घायलों को आईसीयू में भर्ती किया गया है। हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों ने राहत कार्य करते हुए घायलों को झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल पहुंचाया।
सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़, एसपी अमित कुमार और एडीएम अभिषेक चारण अस्पताल पहुंचे और उपचार व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं कांग्रेस विधायक ने मृतक के परिजनों को 5 लाख रुपये तथा प्रत्येक घायल को 50 हजार रुपये मुआवजा देने की मांग की है।
प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।






