मानदेय वृद्धि की खुशी में शिक्षा मित्रों ने कराया बाबा बालेश्वर नाथ के मंदिर में रुद्राभिषेक
विशाल भंडारे में उमड़ा जनसैलाब
बलिया। शिक्षा मित्रों के मानदेय में बढ़ोतरी की खुशी में जनपद के शिक्षा मित्रों द्वारा जिलाध्यक्ष पंकज सिंह के नेतृत्व में भव्य धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन बाबा बालेश्वर नाथ मंदिर परिसर में हुआ, जहां विधि-विधान से बाबा का रुद्राभिषेक एवं पूजन संपन्न कराया गया। इसके पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में शिक्षक, शिक्षा मित्र, जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच रुद्राभिषेक से हुई। श्रद्धालुओं ने बाबा बालेश्वर नाथ के दरबार में प्रदेश सरकार द्वारा मानदेय वृद्धि के निर्णय पर आभार व्यक्त करते हुए सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा।
भंडारे में जिले के विभिन्न ब्लॉकों से पहुंचे शिक्षा मित्रों, शिक्षकों एवं आम श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही। सभी ने शिक्षा मित्रों की एकजुटता एवं सामाजिक सहभागिता की सराहना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षा मित्र संघ के जिलाध्यक्ष पंकज सिंह ने कहा कि मानदेय वृद्धि शिक्षा मित्रों के लंबे संघर्ष और एकता का परिणाम है। उन्होंने प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे शिक्षा मित्रों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, शिक्षा मित्रों एवं आम जनमानस के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम ने भी लोगों का मन मोह लिया। लोकगीत कलाकारों ने भक्ति गीतों एवं शिव भजनों की मनमोहक प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। देर शाम तक श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे रहे।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए शिक्षा मित्रों की भारी भागीदारी देखने को मिली, जिससे आयोजन एक बड़े सामाजिक उत्सव का रूप लेता नजर आया।पूरे कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मित्र संघ की पूरी ब्लॉक से लेकर जिलाकार्यकारिणी के लोग सक्रिय रहे।








